रक्षा मंत्री ने कहा, 'बड़े ही हर्ष का विषय है कि राज्यसभा में पारित होने के बाद कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने में सक्षम दो विधेयकों, किसान उत्पादन व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विधेयक और किसान (सशक्तिकरण और संरक्षण) मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा समझौता विधेयक को संसद की मंजूरी मिल गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर के दिशानिर्देशन में आज ‘आत्मनिर्भर कृषि’ की मजबूत नींव रख दी गई है। संसद में इन दोनों विधायकों के पारित हो जाने के बाद कृषि क्षेत्र में वृद्धि और विकास का एक नया इतिहास लिखा जाएगा।'
राजनाथ सिंह ने कहा, 'इन दोनों विधेयकों के पारित होने में न केवल भारत की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी बल्कि किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में भी यह एक बड़ा प्रभावी कदम सिद्ध होगा। इस अभूतपूर्व कृषि सुधार के लिए मै प्रधानमंत्रीजी का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कृषि मंत्री जी को धन्यवाद देता हूं।'
कृषि मंत्री ने कांग्रेस पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा, 'विभिन्न आयोगों और विशेषज्ञों की सिफारिशों के बावजूद, कांग्रेस ने उन किसानों के साथ कभी न्याय नहीं किया जो खुद को वर्षों से असहाय महसूस कर रहे थे। आज जब कांग्रेस को एहसास हुआ कि राज्यसभा में उनके पास समर्थन नहीं है, तो उन्होंने 'गुंडागर्दी' का सहारा लिया।'
विपक्ष ने लोकतंत्र की हत्या कर दी: प्रल्हाद जोशी
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने विपक्ष द्वारा हंगामा किए जाने पर कहा, 'विपक्ष ने लोकतंत्र की हत्या कर दी। हम इसकी निंदा करते हैं। यह लोगों के जनादेश का अपमान है। कांग्रेस और टीएमसी को लगता है कि वे 'बादशाह' हैं। सत्ता पक्ष और सरकार पर इससे आंच नहीं आएगी।'