तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में पटाखा फैक्टरी में शनिवार दोपहर हुए विस्फोट में चार महिला समेत 10 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा फैक्टरी केमिकल को मिलाने के दौरान हुआ। संभवत: उस कमरे में ज्यादा भीड़ थी। फिलहाल घटना की विस्तृत जांच जारी है।पुलिस के मुताबिक, यह हादसा दोपहर 12:30 बजे के करीब हुआ। सात लोग मौके पर ही मारे गए और दो की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। वहीं, एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हुई।
राज्य सरकार पीड़ितों की मदद करेगी
शिवकाशी में हादसे के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर दुख जताया और राज्य के राजस्व मंत्री केकेएसआर रामचंद्रन और श्रम मंत्री सीवी गणेशन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और बचाव और राहत गतिविधियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।
चार अन्य इमारतें हुईं क्षतिग्रस्त; राज्यमंत्री ने नियमों के उल्लंघन पर कही यह बात
स्थानीय लोगों के मुताबिक विस्फोट इतना भीषण था कि पटाखा फैक्टरी के अलावा चार इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस के अनुसार, फैक्टरी के मालिक का नाम विजय है और उसके पास फैक्टरी का लाइसेंस है। तमिलनाडु सरकार में राज्य मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने कहा, विरुधुनगर में पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट मामले में जिला कलेक्टर ने उचित कार्रवाई की है। पहले भी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुए हैं। नियमों का पालन नहीं करने का दोष सिद्ध होने पर 30 फैक्ट्रियां बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पटाखा फैक्ट्री के श्रमिकों को कोई उचित प्रशिक्षण नहीं दिया गया था। दुर्घटना मानवीय भूल के कारण हुई। सरकार ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की
शिवकाशी के हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके अलावा पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मुझे विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्टरी में दुर्घटना के बारे में पता चला। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के प्रियजनों के साथ हैं, जिनका दुखद निधन हो गया है। मैं उन सभी लोगों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं, जो घायल हुए हैं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।