ईडी ने मामले में अब तक नाग और उसके पति सहित 15 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। फिल्म निर्माता, बिल्डर, चार्टर एकाउंटेंट और अन्य प्रभावशाली व्यक्ति उन लोगों में शामिल हैं, जिनसे एजेंसी ने पूछताछ की है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ब्लैकमेलिंग मामले की मुख्य आरोपी अर्चना नाग पर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने भुवनेश्वर स्थित उनके एक आलीशान मकान को कुर्क कर लिया है। घर की कीमत 3.64 करोड़ रुपये बताई जा रही है। दरअसल, ईडी भुवनेश्वर और उसके आसपास नाग और उनके पति जगबंधु चंद द्वारा कथित रूप से चलाए जा रहे हाई-प्रोफाइल सेक्सटॉर्शन रैकेट में धनशोधन एंगल की जांच कर रहा है।
विज्ञापन
56.5 लाख रुपये मूल्य के दो वाहन जब्त किए गए थे
ईडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इससे पहले धनशोधन रोधी अधिनियम, 2002 के तहत 56.5 लाख रुपये मूल्य के दो वाहन जब्त किए गए थे। जांच एजेंसी ने धनशोधन रोधी अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत दंपति, दोस्त से उनकी दुश्मन बनी श्रद्धांजलि बेहरा और सहयोगी खगेश्वर पात्रा के खिलाफ भुवनेश्वर पुलिस द्वारा दर्ज दो अलग-अलग प्राथमिकी के आधार पर जांच करने के लिए एक प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट दर्ज की थी।
वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी
प्राथमिकी से पता चला है कि चारों ने हाई प्रोफाइल और अमीर लोगों को फंसाकर गुपचुप तरीके से उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाए। उनके खिलाफ झूठे पुलिस मामले दर्ज करने और सोशल मीडिया में उनके वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके जरिए उनसे उगाही की गई और करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई गई।
विज्ञापन
अब तक 15 से अधिक लोगों से पूछताछ
ईडी ने मामले में अब तक नाग और उसके पति सहित 15 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। फिल्म निर्माता, बिल्डर, चार्टर एकाउंटेंट और अन्य प्रभावशाली व्यक्ति उन लोगों में शामिल हैं, जिनसे एजेंसी ने पूछताछ की है। नाग और उसके पति के साथ मंत्रियों समेत विभिन्न पार्टियों के नेताओं की तस्वीरें पहले भी वायरल हो चुकी हैं।