महिला शिक्षिका ममिता हत्याकांड को लेकर विपक्षी दलों (भाजपा/कांग्रेस) ने आंदोलन को तेज कर दिया है। विपक्षी पार्टियां मंत्री डीएस मिश्रा को हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही है। बताया जा रहा है कि ममिता की अपहरण कर हत्या के मामले में मंत्री मिश्रा का मुख्य आरोपी से कथित संबंध है। वहीं, शनिवार को सत्तारूढ़ दल बीजद के एक मंत्री और विधायक के वाहनों पर अंडे फेंके गए और काले झंडे दिखाए गए। ये दोनों नेता मुख्यमंत्री नविन पटनायक की बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपुर (बरगढ़) जा रहे थे।
मंत्री व विधायक पर फेंके गए अंडे
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाइकामाला चौक पर ओडिशा के एससी और एसटी विकास मंत्री जगन्नाथ सरका के वाहन को निशाना बनाकर अंडे फेंके। वहीं, अताबीरा से बीजद विधायक और पूर्व मंत्री स्नेहांगिनी छुरिया को भी यहां एकमरा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इसी तरह के हमले का सामना करना पड़ा, जब वह कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बीजेपुर जा रही थीं। सीएम पटनायक बरगढ़ जिले में बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) के तहत स्मार्ट स्वास्थ्य कार्ड के वितरण का शुभारंभ करने के लिए बीजेपुर में थे।
भाजपा व कांग्रेस के कई नेता हिरासत में
सीएम के दौरे से पहले पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई कांग्रेस और भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया। उधर, पद्मपुर में भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष इरशीश आचार्य और कांग्रेस के पूर्व विधायक निहार महंदा को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। इससे पहले 11 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने क्योंझर जिले में इस्पात और खान मंत्री प्रफुल्ल मलिक को काले झंडे दिखाए थे, जब वह जिला योजना बोर्ड की बैठक में भाग लेने के लिए जा रहे थे।
8 अक्तूबर को हुई थी महिला शिक्षिका ममिता की हत्या
24 वर्षीय महिला शिक्षिका की 8 अक्तूबर को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी और 19 अक्टूबर को उसका शव स्कूल परिसर से निकाला गया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी हैं। विपक्षी दल मुख्य आरोपी को संरक्षण देने और दो दिन बाद फिर से पकड़े जाने से पहले 17 अक्तूबर को पुलिस हिरासत से भागने में मदद करने का आरोप लगाते हुए मंत्री को हटाने की मांग कर रहे हैं।