फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: हिंसा की मीडिया कवरेज पर तथ्यान्वेषी रिपोर्ट के लिए टीम बनाएगा एडिटर्स गिल्ड, पढ़ें देश की अहम खबरें

Thu, 27 Jul 2023 06:48 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

गिल्ड ने एक बयान जारी कर तीन मई से मणिपुर में शुरू हुई जातीय हिंसा की मीडिया कवरेज में ‘स्पष्ट पूर्वाग्रह’ पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। गिल्ड ने कहा कि खबरों की पक्षपातपूर्ण कवरेज, पहले से ही संघर्षग्रस्त मणिपुर में विभाजन और हिंसा को और बढ़ावा दे रही है।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने बुधवार को कहा कि वह स्थानीय और राष्ट्रीय मीडिया स्तर पर मणिपुर में जातीय हिंसा की कवरेज का दस्तावेजीकरण करने के लिए एक तथ्यान्वेषी मिशन के वास्ते वरिष्ठ पत्रकारों की एक टीम गठित कर रहा है। गिल्ड ने एक बयान जारी कर तीन मई से मणिपुर में शुरू हुई जातीय हिंसा की मीडिया कवरेज में ‘स्पष्ट पूर्वाग्रह’ पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। बयान में कहा गया, टीम का प्राथमिक उद्देश्य स्थानीय और राष्ट्रीय मीडिया दोनों स्तर द्वारा हिंसा की खबरों का निष्पक्ष और सटीक विश्लेषण प्रदान करना और प्रेस के आचरण के संबंध में अधिक जवाबदेही को बढ़ावा देना होगा। गिल्ड ने कहा कि खबरों की पक्षपातपूर्ण कवरेज, पहले से ही संघर्षग्रस्त मणिपुर में विभाजन और हिंसा को और बढ़ावा दे रही है।

मेरा गांव मेरी धरोहर : शाह आज करेंगे डिजिटल मंच की शुरुआत

विज्ञापन

गृह मंत्री अमित शाह ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ पहल के तहत बृहस्पतिवार को कुतुबमीनार से डिजिटल मंच की शुरुआत करेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के समन्वय से इस राष्ट्रीय मिशन की शुरुआत की है। मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि परियोजना का उद्देश्य भारत के 29 राज्य और सात केंद्र शासित प्रदेश में 6.5 लाख गांवों का एक मंच पर सांस्कृतिक मैपिंग या मानचित्रण करना है। 

केरल: नर्सिंग पाठ्यक्रम में ट्रांसजेंडर छात्रों को आरक्षण
केरल सरकार ने राज्य में नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले ट्रांसजेंडर छात्रों को आरक्षण देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बुधवार को कहा कि बीएससी नर्सिंग और सामान्य नर्सिंग पाठ्यक्रमों में ट्रांसजेंडर सदस्यों के लिए एक-एक सीट आरक्षित की जाएगी। राज्य के इतिहास में पहली बार नर्सिंग के क्षेत्र में ट्रांसजेंडरों को आरक्षण दिया गया है। राज्य सरकार अधिकारों से वंचित समुदाय के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण पहल कर रही है और यह आरक्षण इसी पहल का हिस्सा है। 

ओडिशा: जादू-टोने के शक में 50 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

विज्ञापन

ओडिशा में संबलपुर जिले के डिमिरिकुदा गांव में कुछ लोगों ने 50 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस संबंध में गांव के दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि डिमिरिकुदा गांव का शुकरु माझी अपने घर में देवी-देवताओं की पूजा करता था। लोगों को शक था कि वह जादू-टोना भी किया करता था। उस गांव के संजू माझी के चार वर्षीय पुत्र की पिछले दिनों रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी।  

तथ्यान्वेषी सिमति ने बंगाल पंचायत चुनाव हिंसा की रिपोर्ट नड्डा को सौंपी
बंगाल में पंचायत चुनावों के दौरान हुई हिंसा की रिपोर्ट भाजपा की तथ्यान्वेषी समिति ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंप दी। समिति के संयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि देश के लिए यह जानना जरूरी है कि बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो गया है। राज्य सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति घोर अनादर निराशाजनक है। भाजपा बंगाल में लोकतांत्रिक तरीके से लोगों की आवाज के लिए लड़ना जारी रखेगी। 

बिरला पूर्वोत्तर राज्यों के स्पीकर की बैठक को 29 को करेंगे संबोधित
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को शिलांग में आठ पूर्वोत्तर राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पासांग डी सोना की अध्यक्षता में 29 जुलाई से शुरू होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार के तरीकों पर बात होगी।

नगालैंड में राइफल की गोलियां बेचने के आरोप में दरोगा समेत 6 गिरफ्तार
नगालैंड पुलिस के दरोगा और एक महिला सहित छह लोगों को बल के केंद्रीय भंडार से गोला-बारूद बेचने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दीमापुर पुलिस आयुक्त केविथुटो सोफे ने बताया कि पुलिस निरीक्षक माइकल यान्थान इस मामले में मुख्य आरोपी पाया गया। उसने राइफल की गोलियों को चुराकर बेचने का अपराध कबूल लिया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये गोलियां किसे बेची थी। भंडार की जांच के दौरान राइफल की गोलियाों की चोरी का पता चलने के बाद नौ जुलाई को इसके खिलाफ पुलिस अभियान शुरू किया गया था।

कंगना को धमकाने पर जावेद अख्तर के खिलाफ मुकदमे के लिए पर्याप्त आधार
अभिनेत्री कंगना रनौत को धमकी देने के मामले में मुंबई की एक अदालत ने माना कि गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ मुकदमा चलाने के पर्याप्त आधार हैं। अदालत ने अख्तर को नोटिस भी जारी किया है। हालांकि, अदालत ने कहा कि गीतकार के खिलाफ जबरन वसूली का मामला नहीं बनता। अंधेरी कोर्ट के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आरएम शेख ने 24 जुलाई को अख्तर के खिलाफ समन जारी किया और उनसे 5 अगस्त को अदालत में पेश होने को कहा है। मजिस्ट्रेट ने कहा, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक धमकी और किसी महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से किए गए इशारे या कृत्य के तहत अपराध में मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त आधार हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें