प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को मुंबई में भगोड़े दाऊद इब्राहिम से जुड़े 10 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इनमें दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर और भाई इकबाल कासकर के ठिकाने भी शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक अंडरवर्ल्ड से जुड़ी संपत्तियों की अवैध खरीद-फरोख्त, रंगदारी और हवाला कारोबार से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की गई है।
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत भगोड़े दाऊद से जुड़े 10 ठिकानों पर छापे मारे गए। इस दौरान गैंगेस्टर छोटा शकील के एक रिश्तेदार सलीम फ्रूट को भी हिरासत में लिया गया है। पिछले दिनों 1993 के मुंबई बम धमाकों के मास्टरमाइंड दाऊद के खिलाफ दर्ज राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की प्राथमिकी और कुछ अन्य जानकारियों के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की है। ईडी ने दक्षिण और मध्य मुंबई में छापेमारी की है। यहां डी कंपनी ज्यादा सक्रिय रही है। इन छापों में ईडी की सभी टीमों को लगाया गया था।
दाऊद की बहन हसीना के बंद फ्लैट की तलाशी
मंगलवार सुबह ईडी की एक टीम नागपाड़ा स्थित गार्डन हाल बिल्डिंग में दाखिल हुई। यहां भगोड़े अपराधी दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर का फ्लैट है। यह फ्लैट पहले से ही सील है। ईडी की टीम ने बंद फ्लैट की सील को खोलकर तलाशी ली है। टीम ने यहां से कुछ कागजात अपने कब्जे में लिए हैं। ईडी का मानना है कि यहां से कुछ तार जुड़ हो सकते हैं। हालांकि हसीना की मौत हो चुकी है, लेकिन दाऊद के भगोड़ा घोषित होने के बाद हसीना पारकर ही मुंबई में उसका कारोबार संभालती थी।
राज्य सरकार के कई मंत्रियों पर पर ईडी की नजर
सूत्रों के अनुसार उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं पर ईडी की नजर है। हालांकि अभी तक किसी का नाम सामने नहीं आया है। बताया गया है, ईडी को शक है कि दाऊद इब्राहिम से जुड़ी प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त में कुछ नेता और मंत्री संलिप्त हो सकते हैं। हाल ही में दर्ज एनआईए की प्राथमिकी के आधार पर यह लिंक सामने आया है।
मुंबई में अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई लोग रंगदारी और वसूली में लिप्त बताए जा रहे हैं। ईडी की जानकारी के मुताबिक, रंगदारी का पैसा हवाला के जरिये दाऊद इब्राहिम को भेजा जाता है। प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त और हवाला से जुड़े तार को खंगालने के लिए ईडी ने यह छापेमारी की है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रंगदारी किससे मांगी जाती है और कौन लोग हैं, जो वसूली कर हवाला के जरिये दाऊद तक पैसा पहुंचाते हैं।
सहयोग करेगी राज्य सरकार: राउत
शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने ईडी की कार्रवाई पर कहा है, यदि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है तो राज्य सरकार केंद्रीय जांच एजेंसी का सहयोग करेगी। राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा बहुत नाजुक मामला है। उन्होंने कहा ईडी की इस कार्रवाई पर कुछ भी बोलना अनुचित होगा। लेकिन गुजरात में देश का इतना बड़ा बैंक घोटाला हुआ उसे किसने दबाने की कोशिश की। दो साल से मामले की एफआईआर तक नहीं हुई। मुख्य आरोपी कैसे भाग गए यह चिंता का विषय है।
राजनेता का नाम भी चर्चा में
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इस मामले में एक बड़े राजनेता की बात सामने आने के बाद से सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है। हांलांकि अधिकारियों ने नेता के नाम का खुलासा नहीं किया है। ईडी के अधिकारी बता रहे हैं कि अभी जांच ही शुरू की गई है। जल्द ही परिणाम सामने आएंगे। इस बीच शिवसेना नेता संजय राउत भी आज एक प्रेस वार्ता कर भाजपा के चार नेताओ पर आरोप लगाने वाले हैं।