कांग्रेस ने पिछले साल के आखिर में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 130 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, जबकि गुजरात में इसे करारी हार मिली थी। वहीं, भाजपा ने अपनी व्यय रिपोर्ट में कहा है कि इसने हिमाचल प्रदेश चुनाव लड़ने के लिए 49 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।
दोनों दलों द्वारा दायर चुनाव व्यय रिपोर्ट के अनुसार, यह पैसा बड़े पैमाने पर अपने उम्मीदवारों, विज्ञापन और प्रचार और स्टार प्रचारकों की यात्रा पर खर्च किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 27.02 करोड़ रुपये और गुजरात में 103.62 करोड़ रुपये खर्च किए। वहीं भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में अपना खर्च 49.69 करोड़ रुपये दिखाया है। चुनाव आयोग ने अभी तक गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के चुनावी खर्च की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है।