महाराष्ट्र के चर्चित ड्रग्स मामलों को लेकर मंत्री नवाब मलिक की बेटी नीलोफर मलिक खान ने खुला खत लिखा है। इसमें नीलोफर ने इस साल जनवरी में अपने पति समीर खान की एनसीबी द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद उनके व परिवार के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया है।
समीर खान को 13 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। तब एनसीबी ने आरोप लगाया था कि खान व पांच अन्य ने 194.6 किलो गांजा खरीदी, बिक्री व बुलवाने की साजिश रची। मामले में पांच अन्य आरोपी भी शामिल हैं। इस मामले में समीर खान व अन्य को 20 साल तक की सजा हो सकती है।,
इस खुले खत का शीर्षक है 'फ्रॉम द वाइफ आफ एन इनोसेंट : द बिगनिंग'। इसमें नीलोफर ने उस रात को याद किया है जब समीर खान को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था। नीलोफर ने लिखा कि उस त्रासदी से उनका परिवार आज भी जूझ रहा है। नीलोफर ने लिखा, 'मुझे ताजा-ताजा याद है कि वह 12 जनवरी का दिन था, जब मेरे पति समीर खान को उनकी मां का फोन आया था कि समन आया है, जिसमें उसे अगले दिन एनसीबी के दफ्तर में बुलाया गया है। अगले दिन जब समीर एनसीबी दफ्तर के समीप तक पहुंच चुके थे, तब वहां बड़ी संख्या में मीडिया उनके आने का इंतजार कर रहा था।'
नीलोफर ने आगे लिखा कि उनके पति से 15 घंटे तक पूछताछ की गई। 'समीर से सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक पूछताछ की गई। इधर मैं उनके घर लौटने का इंतजार करती रही। मुझे कुछ भी पता नहीं था। भावुक हालत में थी तभी मैंने अपना हाथ खिड़की के शीशे पर मार दिया, जिससे शीशा मेरे पैर पर गिर गया। इसके कारण मुझे अपने पैर में 250 टांके लगवाने पड़े। वे 15 घंटे मेरे और मेरे बच्चों के लिए बहुत परेशान करने वाले थे।'