केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने सोमवार को कोरोना टीकाकरण को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 50 साल से ऊपर के नागरिकों को मार्च से वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सात दिनों से 188 जिले में कोरोना के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में अब तक 1,09,16,589 लोग कोरोना से संक्रमित हुए। इनमें से 1,06,21,220 लोग ठीक भी हो गए। इस वक्त देश में 97.29 फीसदी रिकवरी रेट है। दुनिया की सबसे कम मृत्यु दर 1.43 फीसदी भारत में है। डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना टीकाकरण के कारण अब तक किसी की भी मौत नहीं हुई है न ही इसके गंभीर दुष्परिणाम देखने को मिले हैं।
आज शाम छह बजे तक 85 लाख से अधिक लोगों का लगा कोरोना का टीका
देश में आज कोरोना टीकाकरण का 31वां दिन है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक कुल 85,16,385 लोगों को वैक्सीन लगाई गई हैं। इनमें से अब तक 61,54,894 स्वास्थ्यकर्मियों और 23,61,491 फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोविड वैक्सीन का डोज दिया गया है। वहीं 60,57,162 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की पहली खुराक दी गई है जबकी 97732 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की दूसरी खुराक दी गई है।