देश में कोरोना वायरस संक्रमण में कमी आने के साथ ही ट्रेनों की आवाजाही सामान्य होने लगी है। इसके साथ ही रेलवे की ओर से महत्वपूर्ण फैसले भी लिए जा रहे हैं। अब रेलवे ने एक और अहम फैसला लेते हुए ट्रेनों में पका हुआ भोजन दिए जाने का एलान किया है। हालांकि, अभी ये नहीं बताया गया है कि ये सुविधा किस तारीख से शुरू होने जा रही है।
रेलवे ने जारी किया आदेश
रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में यात्रियों को फिर पका हुआ भोजन देने का आदेश जारी कर दिया है। पके भोजन की व्यवस्था कोविड-19 के प्रकोप के कारण रोक दी गई थी। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) को शुक्रवार को भेजे पत्र में रेलवे बोर्ड ने कहा कि ट्रेन सेवाएं सुचारु रूप से शुरू हो चुकी हैं और कोविड रोकथाम के लिए देशभर के रेस्तरां, होटल और ऐसे अन्य स्थानों में लागू लोगों के प्रवेश संबंधी प्रतिबंधों में भी छूट मिली है।
ऐसे में रेलवे मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि यात्रियों की जरूरत के मद्देनजर ट्रेनों में पके-पकाए भोजन की व्यवस्था फिर शुरू कर दी जाए। इससे पूर्व, नवंबर माह की शुरुआत में रेलवे ने ट्रेन सेवाएं सुचारु करने की घोषणा की थी। इसके बाद ट्रेनों से स्पेशल का टैग हटा लिया गया था।
स्पेशल ट्रेनों की जगह रेगुलर ट्रेनें
देशभर में चलने वाली ट्रेन कोरोना संक्रमण से पहले की यथास्थिति में वापस लौट रही है। सभी ट्रेनों से स्पेशल का टैग हटा लिया गया है। लेकिन कोविड प्रोटोकॉल को जारी रखा जाएगा। इस वजह से अनारक्षित कोच में टिकट की बुकिंग करा कर ही यात्रा करने की अनुमति होगी। इसी तरह आरक्षित कोच में उन्हें ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी जिनका टिकट कन्फर्म होगा। वेटिंग टिकट से भी यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
यानी मेल/एक्सप्रेस स्पेशल और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों की सेवा अब पहले की तरह सामान्य ट्रेनों जैसी होगी। ये ट्रेनें फिर से रेगुलर नंबर के साथ दौड़ेंगी। इसके साथ ही स्पेशल किराए की जगह फिर से पुराना सामान्य किराया लागू होगा।