आए दिन हाथी, बाघ और कई जानवरों के लोगों पर हमले की खबरें आती रहती हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ चुनाव के दौरान जंगली हाथी नेताओं के लिए चुनाव का मुद्दा बने। जिसमें लोगों की शिकायत थी कि जंगली हाथियों के बढ़ते हमलों को रोका जाए। वहीं बाघिन अवनी का मुद्दा भी खबरों में खूब आया। जिसे महाराष्ट्र के यवतमाल में मारा गया था। वजह थी उसका लोगों पर हमला कर उनकी जान लेना। इस बाघिन ने 14 लोगों को अपना निशाना बनाया था।
जानवरों के हमलों की खबरें तो रोज आती हैं, लेकिन वो ऐसा क्यों करते हैं, शायद इस बात पर कभी कोई ध्यान नहीं देता। जानवरों की खराब होती दशा की एक तस्वीर इस वक्त ट्वीटर पर छाई हुई है। इस तस्वीर को बिपलब हाजरा नाम के फोटोग्राफर ने लिया है।
तस्वीर में देखा जा सकता है कि एक हाथी अपने बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक को पार कर रहा है। तस्वीर पश्चिम बंगाल की है। जंगलों में रहने वाले जानवरों की स्थिति प्रतिदिन खराब होती जा रही है। विकास योजनाएं और कृषि के लिए भूमि की जरूरत अब जंगलों के लिए खतरा बन गई है।
जानवरों के रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है। इस तस्वीर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाघिन अवनी हो या फिर छत्तीसगढ़ के जंगली हाथी, दोनों ही मामलों में ये बात पता चली है कि उनके क्षेत्र में हस्तक्षेप करने पर ही उन्होंने लोगों पर हमला किया। न केवल सरकार बल्कि लोगों को भी इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।