दिल्ली सरकार का दावा है कि इस बोर्ड से रटने पर आधारित परीक्षा प्रणाली को खत्म कर लगातार चलने वाली मूल्यांकन पद्धति को लागू किया जाएगा। इससे बच्चों में सीखने की क्षमता विकसित होगी और वे अपनी प्राकृतिक क्षमता के साथ विकास कर सकेंगे।
दिल्ली सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दिल्ली बोर्ड ऑ स्कूल एजुकेशन (डीबीएसई) को काउंसिल ऑफ बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (सीएबीएसई) की मान्यता मिल गई है। अब इस बोर्ड से मिले सर्टिफिकेट सीबीएसई जैसे अन्य बोर्ड से मिले प्रमाण पत्र की तरह वैध और सभी जगहों पर मान्य होंगे। दिल्ली सरकार ने इस बोर्ड के जरिए दिल्ली के बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा देने का दावा किया है।
विज्ञापन
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने डीबीएसई को मान्यता मिलने के अवसर पर कहा कि इससे दिल्ली सरकार को अपने बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा देने में मदद मिलेगी। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों से करार किया जा रहा है। दिल्ली के बोर्ड से शिक्षा प्राप्त करने के लिए अब तक स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस के 20 स्कूलों में 7500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।