रक्षा मंत्रालय ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार माता-पिता के संबंध में बच्चे या बच्चों को दी जाने वाली दो पारिवारिक पेंशनों की अधिकतम सीमा बढ़ा दी है।
रक्षा मंत्रालय ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के अनुसार माता-पिता के संबंध में बच्चे या बच्चों को दी जाने वाली दो पारिवारिक पेंशनों की अधिकतम सीमा को बढ़ाने का फैसला किया है। इसे लेकर मंत्रालय ने बताया कि सातवें सीपीसी के बाद सरकारी सेवा में अधिकतम पेंशन भुगतान को संशोधित कर 2.5 लाख रुपये प्रति माह कर दिया गया है। मंत्रालय ने 29 अक्तूबर 2021 को एक आदेश के साथ सशस्त्र बलों के कर्मियों के संबंध में एक जनवरी 2016 से इस आदेश को लागू किया है।
विज्ञापन
मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इसके अनुसार, पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने माता और पिता दोनों के संबंध में एक बच्चे या बच्चों को जी जाने वाली दो पारिवारिक पेंशनों की अधिकतम सीमा को संशोधित कर 1.25 लाख रुपये प्रति माह (2.5 लाख रुपये सामान्य पारिवारिक पेंशन का 50 फीसदी, बढ़ी हुई दर पर) और 75,000 रुपये प्रति माह (2.5 लाख रुपये सामान्य परिवार पेंशन का 30 फीसदी) कर दिया है। यह निर्णय एक जनवरी 2016 से प्रभावी माना जाएगा।'