केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में लगातार आंतकी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस विषय में चर्चा करने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई।
यह लोग हुए बैठक में शामिल
अधिकारियों के अनुसार, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, सैन्य अभियानों के महानिदेशक-लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और सुरक्षा संबंधी एजेंसियों के प्रमुख बैठक में मौजूद हैं। यह बैठक साउथ ब्लॉक में हो रही है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा बल
कल 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस है। इसलिए सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हाल ही में दो जवान हुए थे शहीद
इससे पहले 10 अगस्त को अनंतनाग में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ के दौरान कम से कम दो सैनिक और एक नागरिक की मौत हो गई थी। अनंतनाग के कोकेरनाग के जनरल एरिया में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा शुरू किए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हुई थी। इस दौरान हवलदार दीपक कुमार यादव और लांस नायक प्रवीण शर्मा ने अनंतनाग में ड्यूटी करते हुए अपनी जान दे दी।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने हवलदार दीपक कुमार यादव और लांस नायक प्रवीण शर्मा को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने मुठभेड़ के दौरान अपनी जान गंवा दी। हाल के महीनों में जम्मू में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है, जिसमें कठुआ में सेना के काफिले पर हमला और डोडा और उधमपुर में झड़पें शामिल हैं।