चुनाव आयोग ने केंद्रीय रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर परिकर को बुधवार को नोटिस भेजा है। गोवा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे मनोहर परिकर के घूस वाले बयान को लेकर ये नोटिस जारी किया गया है। चुनाव आयोग ने इसे प्रथम दृष्टा में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना है। गोवा फॉरवर्ड पार्टी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की शिकायत पर स्थानीय चुनाव अधिकारियों द्वारा ये नोटिस जारी किए गए हैं।
आयोग ने शुक्रवार अपराह्न तक परिकर को इस नोटिस का जवाब देने को कहा है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर आप नोटिस का जवाब देने में नाकाम रहते हैं तब हम आगे की कार्रवाई करेंगे। चुनाव आयोग ने रक्षा मंत्री को 29 जनवरी को गोवा के चिंबेल में चुनावी भाषण के दौरान उनके बयान को लेकर नोटिस दिया है, जिसमें परिकर को एक रैली को संबोधित करते हुए सुना गया कि अगर कोई रैली का आयोजन करता है और आपको 500 रुपये देकर उम्मीदवार के साथ रैली में चलने को कहता है तो इसमें कोई समस्या नहीं है।
लेकिन जब आप वोट कीजिए तो भाजपा के कमल के निशान पर ही करिए। चुनाव आयोग ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना है।