विवादों में घिरे बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने लंबी छुट्टी पर भेज दिया है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें 'मेडिकल लीव' पर भेजा गया है। कल्लूरी पिछले कुछ दिनों से काफी विवादों में थे, उनपर राज्य में सक्रिय मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को धमकाने और उनके खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप लगा था। इसके बाद कल्लूरी के खिलाफ आवाजें काफी मुखर होती गईं।
कल्लूरी पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में सक्रिय मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप है। सामाजिक कार्यकर्ताओं, वकील और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाले लोगों का दावा है कि कल्लूरी के मोबाइल नंबर से उन्हें धमकी और अभद्र भाषा वाले संदेश प्राप्त हुए हैं।
गौरतलब है कि इसी महीने सामाजिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता बेला भाटिया के घर पर हमला हुआ था और कथित रूप से धमकाया भी गया था। इसके बाद बेला को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कल्लूरी को संदेश भेजे थे।