रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद ने आज 22 मार्च को रक्षा उत्कृष्टता (iDEX) स्टार्टअप्स/एमएसएमई के लिए नवाचारों से 380.43 करोड़ रुपये की 14 वस्तुओं की खरीद को मंजूरी दी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन वस्तुओं की खरीद सेना, नौसेना, वायु सेना द्वारा की जाएगी।
रक्षा उद्योग के क्षेत्र में मेक इन इंडिया को बढ़ावा देते हुए रक्षा मंत्रालय ने आईडेक्स स्टार्टअप और एमएसएमई से 380 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी दे दी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) ने तीनों सेनाओं के लिए कुल 380.43 करोड़ रुपये की 14 वस्तुओं की खरीद पर मुहर लगा दी।
डीएसी ने साथ ही आईडेक्स और एमएसएमई से खरीद की सरल प्रक्रिया को भी मंजूरी दी। इससे स्वदेशी कंपनियों से रक्षा उत्पादों की खरीद में तेजी आएगी। डीएसी ने आईडेक्स प्रक्रिया की तर्ज पर मेक-2 श्रेणी की परियोजनाओं के लिए सरल प्रक्रिया को भी मंजूरी दी। इससे मेक-2 परियोजनाओं में प्रोटोटाइप विकास से अनुबंध पर हस्ताक्षर करने में कम समय लगेगा। मेक-2 श्रेणी की परियोजनाओं में आयात प्रतिस्थापन या अभिनव समाधानों के उपकरणों, प्रणालियों, प्लेटफार्मों का उन्नयन के प्रोटोटाइप विकास शामिल हैं। जिसके लिए प्रोटोटाइप विकास उद्देश्यों के लिए कोई सरकारी वित्त पोषण प्रदान नहीं किया जाता है।
क्या है आईडेक्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में आईडेक्स की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य नवोन्मेष को बढ़ावा देना और नई तकनीक को बेहद कम समय में सैन्य बलों के इस्तेमाल योग्य बनाना था। रक्षा उद्योग के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए आईडेक्स योजना एक बड़े मिशन के तौर पर आगे बढ़ी। इसका उद्देश्य निकट भविष्य में सैन्य बलों व रक्षा उद्योग के लिए 50 विश्वस्तरीय समाधान उपलब्ध कराना है।