केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार शाम सात बजे तक देश में अब तक कोरोना टीके की 46 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई जा चुकी हैं। मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को टीके की 44 लाख 38 हजार 901 खुराकें लगाई गईं। अब तक 18 से 44 आयु वर्ग के कुल 15 करोड़ 17 लाख 27 हजार 430 लोगों को पहली खुराक दी गई है और 80 लाख 31 हजार 11 लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
पांच राज्यों (उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र) में 18 से 44 वर्ष आयु वाले एक करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की खुराक लगाई जा चुकी है। वहीं, आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18 से 44 आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक नागिरकों को कोरोना रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है।