बिजनौर जिले के जयरामपुर गांव में कुछ दलित परिवारों को मंदिर में पूजा-पाठ से रोके जाने का मामला सामने आया है। गांव के कुछ दलितों ने क्षेत्रीय विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखने के दौरान यह आरोप लगाए।उनका आरोप है कि ये लोग सरकारी नल से भी पानी तक नहीं भरने दे रहे हैं।
बसपा विधायक मोहम्मद गाजी ने इस घटना को मानवता विरोधी बताते हुए इसकी जांच करवाकर जरूरी कार्रवाई कराने का भरोसा पीड़ितों को दिलाया है।
बसपा विधायक गाजी रविवार दोपहर करीब दो बजे गांव जयरामपुर जनसमस्याएं सुनने पहुंचे थे। यहां उन्होंने दलितों सहित अन्य वर्ग के पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान महिला रत्तीभान देवी सहित कुछ अन्य दलितों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ मारपीट की और चेतावनी दी कि गांव का कोई भी दलित शिव मंदिर में पूजा पाठ करने नहीं जाएगा।
विधायक के समक्ष यह भी कहा गया कि दलितों के विरोध जताने पर कुछ लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि दलित समाज के लोगों को सरकारी नल से पानी भरने तक से रोका जा रहा है।
दलितों के मुताबिक कुछ अफसरों से शिकायत की गई। मगर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। बसपा विधायक ने कहा कि वह और उनकी पार्टी किसी का शोषण नहीं होने देगी। कुछ अन्य लोगों ने भी सड़क, बिजली, पानी से जुड़ी समस्याएं रखीं।