श्रद्धा वॉकर की जघन्य हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि पश्चिम बंगाल से भी इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां भी एक पूर्व सैनिक की कथित तौर पर उसके बेटे के द्वारा हत्या कर दी। उनके शव को कई टुकड़ों में काट दिया गया था और विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया गया था।
इस मामले में दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर निवासी उज्जल चक्रवर्ती (55 वर्षीय) की पत्नी और कॉलेज जाने वाले उनके बेटे को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। बरुईपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि दोनों ने उज्जल चक्रवर्ती द्वारा 'लगातार प्रताड़ित' किए जाने का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि चक्रवर्ती और उनके बेटे का 12 नवंबर को कॉलेज की परीक्षा के लिए पैसे को लेकर घर में झगड़ा हुआ था। उज्जल ने परीक्षा के लिए जरूरी तीन हजार रुपये देने से इनकार कर दिया और बेटे को थप्पड़ मार दिया। गुस्से में बेटे ने उन्हें भी धक्का दे दिया। इसके बाद चक्रवर्ती का सिर कुर्सी से टकरा गया और वे बेहोश हो गए। फिर बेटे ने उनका गला घोंट दिया। चक्रवर्ती करीब 12 साल पहले नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, चक्रवर्ती की हत्या के बाद उसकी पत्नी और बेटा उसके शव को बाथरूम में घसीट ले गए। बेटे ने अपने पिता के शरीर को छह टुकड़ों में काटने के लिए कारपेंटरी क्लास किट बैग से हैकसॉ का इस्तेमाल किया। बाद में उसने उन्हें पड़ोस में और आसपास फेंक दिए। छात्र पॉलिटेक्निक में कारपेंटरी का छात्र है।
बेटे ने अपनी साइकिल से कम से कम छह चक्कर लगाकर प्लास्टिक में लिपटे शव के अंगों को ढोया और उन्हें करीब पांच सौ मीटर दूर खास मल्लिक और डेहिमेडन मल्ला इलाकों में फेंक दिया। अधिकारी ने बताया, चक्रवर्ती के पैर कचरे के ढेर के नीचे से बरामद किए गए हैं, जबकि उनका सिर और पेट डेहिमेडन मल्ला में एक तालाब से बरामद किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश की जा रही है। पुलिस का शक मां-बेटे की जोड़ी पर तब पड़ा जब उन्होंने 15 नवंबर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया, हम उस समय हैरानगी हुई जब वे गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के लिए बरूईपुर पुलिस स्टेशन गए। हमने उनके बयानों विसंगतियां पाईं और उनसे पूछताछ की। आखिरकार बेटे ने अपराध स्वीकार कर लिया।
27 वर्षीय श्रद्धा वॉकर की दिल्ली में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसके शव को भी उसके लिव-इन पार्टनर आपताब पूनावाला ने 35 टुकड़ों में काट दिया था।
मां की तेरहवीं के लिए पत्नी ने कान के झुमके देने से किया मना, तो कर दी हत्या
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने अपनी मां के अंतिम संस्कार के लिए पत्नी को कान के झुमके गिरवी रखने को कहा तो उसने इनकार कर दिया था। पत्नी की हत्या कर वह फरार हो गया।
पेल्हार पुलिस थाने के निरीक्षणक महेंद्र शेलार ने बताया, व्यक्ति की मां की कुछ दिन पहले मृत्यु हो गई थी। उसने अंतिम संस्कार करने के लिए अपनी पत्नी के गहने गिरवी रख दिए थे। फिर उसने 13वें दिन (तेरहवीं) की रस्म के लिए उससे अपने झुमके देने के लिए कहा। उसने मना कर दिया। फिर शनिवार को उसने पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद वह घर से भाग गया।
उन्होंने बताया, घर से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने घटना के बारे में सूचित किया। दंपति के 14 वर्षीय बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।