कोरोना के घटते मामले को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने रविवार से लॉकडाउन को समाप्त करने की घोषणा की है। बता दें कि राज्य सरकार ने इससे पहले 9 जून को 10 दिनों के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया था लेकिन अब मामले कम होने के बाद राहत दी गई है।
राज्य में पिछले एक महीने से महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए लॉकडाउन लागू है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य मंत्रिमंडल ने शनिवार को यह निर्णय लिया और सभी विभाग के अधिकारियों को लॉकडाउन के दौरान लागू सभी प्रतिबंधों को हटाने के निर्देश दिए हैं।
तेलंगाना सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में कमी आने के बाद रविवार से राज्य में लॉकडाउन हटाने और एक जुलाई से शैक्षणिक संस्थानों को खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही हैदराबाद मेट्रो रेल सेवा का समय 21 जून से पुनर्निर्धारित किया गया है। हैदराबाद मेट्रो रेल अब सुबह 7 बजे (पहली ट्रेन) से रात 9 बजे तक (संबंधित स्टेशनों से अंतिम ट्रेन) संचालित होगी। हैदराबाद मेट्रो प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है।
विज्ञप्ति में बताया गया कि यह निर्णय चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा राज्य में कोविड-19 के मामलों में कमी आने संबंधी रिपोर्ट पर विचार के बाद आया है। तेलंगाना में शुक्रवार को कोविड-19 के 1,417 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,10,834 हो गई। वहीं 12 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,546 हो गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंत्रिमंडल ने यह भी रेखांकित किया कि पड़ोसी राज्यों में भी संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। आठ जून को मंत्रिमंडल ने राज्य में लॉकडाउन को 10 दिन और शनिवार तक बढ़ाने का निर्णय लिया था। शिक्षा विभाग ने एक जुलाई से सभी श्रेणी के शैक्षणिक संस्थानों को खोले जाने संबंधी निर्देश जारी किए हैं और कक्षाओं में विद्यार्थियों की व्यक्तिगत मौजूदगी की भी मंजूरी दी है।