फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India Live Updates: देशभर में संक्रमितों की संख्या 40263 हुई, अब तक 1306 मौतें

Sun, 03 May 2020 11:58 PM IST
Rajeev Rai न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2487 नए मामले सामने आए हैं और 83 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक मौत है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 40,263 हो गई है। जिसमें 28,070 सक्रिय हैं, 10,887 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1306 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भारत में कोरोना - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:52 PM, 03-May-2020

पुलिस कर्मियों के संक्रमित होने से केंद्र चिंतित, राज्यों को दिया सुझाव
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस कर्मियों के कोविड-19 से संक्रमित होने को लेकर चिंता जताई है। साथ ही इस संंबंध में राज्य सरकारों को दूसरी रक्षा पंक्ति तैयार करने के लिए कहा है। चिंतित केंद्र ने राज्यों को सुझाव दिया है कि वे इस खतरनाक वायरस को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी दूसरी रक्षा पंक्ति तैयार करें। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे एक पत्र में यह बात कही है। पत्र में कहा गया है कि पुलिस प्रमुख उन कर्मियों के लिए घर से काम करने के विकल्प पर विचार कर सकते हैं, जो अग्रिम मोर्चे पर तैनात नहीं हैं।

11:22 PM, 03-May-2020

बंगलूरू: दिन में बाहर निकलने की अनुमति मिली
बंगलूरू सिटी के पुलिस कमिश्नर की ओर से जानकारी दी गई है कि शहर में चार मई से सुबह सात बजे से शाम के सात बजे तक बाहर निकलने वालों को किसी पास की जरूरत नहीं होगी। परंतु शाम सात बजे से अगली सुबह सात बजे तक बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान केवल चिकित्सा और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग ही बाहर निकल पाएंगे। हालांकि पहले की तरह चौकियां रहेंगी और पुलिस आपसे इस दौरान पास मांग सकती है। इसलिए अपना पास और पहचान पत्र साथ रखें।

11:04 PM, 03-May-2020

त्रिपुरा में बीएसएफ के 12 और जवान कोरोना पॉजिटिव

त्रिपुरा में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 12 और जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी के साथ बीएसएफ में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 54 हो गई है। शनिवार को दो जवान संक्रमित पाए गए थे। कुल 54 में से 14 जवान त्रिपुरा के हैं। 

विज्ञापन
10:40 PM, 03-May-2020

आंध्र प्रदेश में सोमवार से शुरू होगी शराब की बिक्री

आंध्र प्रदेश सरकार ने रविवार को कहा कि प्रदेश में वह सोमवार से अपनी दुकानों पर शराब की बिक्री शुरू करेगी लेकिन लोगों को शराब पीने से रोकने के लिए इस पर 'मद्यनिषेध कर' लगाएगी। राज्य सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के विशेष मुख्य सचिव रजत भार्गव ने कहा कि मद्यनिषेध कर 25 फीसदी तक हो सकता है। आंध्र प्रदेश में शराब की सभी दुकानें सरकार के नियंण में है। 

उन्हेांने कहा, 'निषिद्ध क्षेत्र एवं क्लस्टरों को छोड़कर शराब की दुकानें पूर्वाह्न 11 बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगी।' भार्गव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बार, क्लब और आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम की दुकानों पर शराब बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि एक समय में एक दुकान पर केवल पांच ग्राहकों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करना होगा।

09:57 PM, 03-May-2020

धारावी फायर स्टेशन के एक अधिकारी को हुआ कोरोना

धारावी फायर स्टेशन के एक अधिकारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी सावधानियां बरती जा रही हैं: पी.एस. राहंगडाले, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मुंबई फायर ब्रिगेड 

महाराष्ट्र में आज 678 नए मामले, 27 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 678 नए मामले सामने आए हैं और 27 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामलों की संख्या 12,974 और अब तक कुल 548 लोगों की मौतः स्वास्थ्य विभाग, महाराष्ट्र

बिहार में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 516 हुई
बिहार में आज 13 नए मामले रिपोर्ट किए गए। राज्य में कोरोना से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 516 हो गईः राज्य स्वास्थ्य विभाग

तेलंगाना में कुल 508 सक्रिय मामले
तेलंगाना में आज 21 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। राज्य में कुल 508 सक्रिय मामले हैं। 545 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

राजस्थान सरकार ने कोरोना की रोकथाम के लिए नोटिफिकेशन जारी किया
राजस्थान में कोरोना की रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने रेग्युलेशंस से संबंधित नोटिफिकेशन जारी किया।

विज्ञापन
09:27 PM, 03-May-2020

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 374 नए मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 374 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल केस 5428 हैं और 1042 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। 290 लोग कोरोना की वजह से जान गंवा चुके हैं: स्वास्थ्य विभाग गुजरात

राजस्थान में आज 114 नए मामले, तीन की मौत
राजस्थान में आज 114 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2886 हो गई। अब तक राज्य में कोरोना संक्रमण के कारण 71 लोगों की मौत हो चुकी है। 

चंडीगढ़ में कोरोना के 97 मामले
चंडीगढ़ में कोरोना के 97 मामले अब तक सामने आ चुके हैं और एक शख्स की मौत हो गई है। 19 लोग ठीक हो चुके हैं और 75 सक्रिय मामले हैं: स्वास्थ्य विभाग

झारखंड में आज कोई पॉजिटिव मामला नहीं
झारखंड में आज कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया। यहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 115 है। 27 मरीज ठीक हो गए हैं। 
 

08:21 PM, 03-May-2020

मुंबई में आज 441 नए मामले सामने आए और 21 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ यहां कोरोना संक्रमण के कुल मामले 8613 हो गए हैं, जबकि 343 लोगों की यहां अब तक मौत हो गई पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट, मुंबई

08:17 PM, 03-May-2020

केंद्र ने कोरोना के मद्देनजर राज्य स्वास्थ्य विभागों की सहायता के लिए राज्यों में केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य टीमों को तैनात किया है।
 

08:13 PM, 03-May-2020

मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना के आज 94 नए केस

मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना के आज 94 नए केस सामने आए हैं। धारावी में कुल मामले 590 हुए, इलाके में अब तक 30 लोगों की मौतः बीएमसी

गृह मंत्रालय ने बढ़ाए गए लॉकडाउन में लोगों के मूवमेंट को लेकर स्थिति साफ की
गृह मंत्रालय ने बढ़ाए गए लॉकडाउन में लोगों के मूवमेंट को लेकर स्थिति साफ की। मंत्रालय का कहना है कि काम की वजह से दूसरी जगहों पर सामान्य रूप से रह रहे लोगों को मूवमेंट की अनुमति नहीं, केवल दिक्कत में फंसे लोगों को मूवमेंट की अनुमति है।

07:28 PM, 03-May-2020

हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 442 हुई

हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 442 तक पहुंच गई है, जिनमें 245 डिस्चार्ज और पांच मौतें शामिल हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 192 है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
 
जिलों को इस तरह रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में वर्गीकृत किया गया
जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा जिलों को इस तरह रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में वर्गीकृत किया गया हैः सूचना और जनसंपर्क विभाग, जम्मू और कश्मीर सरकार

टिकियापरा इलाके में रैली का आयोजन
पश्चिम बंगाल: पुलिस और स्थानीय टीएमसी नेताओं ने हावड़ा के टिकियापरा इलाके में 'हावड़ा ऑपरेशन कोविड जीरो' में एक रैली का आयोजन किया। यह रैली हावड़ा को एक ग्रीन जोन में परिवर्तित करने के लिए किया गया।
 

06:57 PM, 03-May-2020

तमिलनाडु में आज तक कोरोना के कुल 3,023 मामले

तमिलनाडु में आज तक कोरोना के कुल 3,023 मामले हैं। 1,379 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है और 1,611 सक्रिय मामलों का इलाज चल रहा है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

पंजाब में 331 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1102 हुई
पंजाब में 331 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमण मामलों की संख्या 1102 हो गई। इनमें से 117 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि 21 की मौत हो गई है। यहां कुल सक्रिय मामले 964 हैं: पंजाब स्वास्थ्य विभाग

नौ करोड़ से अधिक व्यक्तियों के लिए मुफ्त राशन बांटा गया
अप्रैल में 21,200 राशन दुकानों से नौ करोड़ से अधिक व्यक्तियों के लिए मुफ्त राशन बांटा गया। 42 MR (सीमांत राशन) डीलरों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और 37 को गिरफ्तार कर लिया गया। राशन के मुद्दे पर फेक न्यूज प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही: पश्चिम बंगाल पुलिस

06:32 PM, 03-May-2020

पिछले 24 घंटे में 2487 नए मामले, 83 की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2487 नए मामले सामने आए हैं और 83 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक मौत है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 40,263 हो गई है। जिसमें 28,070 सक्रिय हैं, 10,887 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1306 लोगों की मौत हो चुकी है।
 

05:52 PM, 03-May-2020

जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटे में 35 नए मामले

जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटे में 35 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक जम्मू से और 34 कश्मीर से हैं। यहां कुल सक्रिय मामलों की संख्या 406 हैं। वहीं, कुल मामले यहां 701 हैं, जिनमें 640 कश्मीर से और 61 जम्मू से हैंः रोहित कंसल, प्रधान सचिव 

कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 13 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 614
कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 13 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 614 हो गई है, जिनमें 25 मौतें और 293 ठीक/डिस्चार्ज शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

बिहार में संक्रमित मरीजों की संख्या 485 हुई
बिहार में आज कोरोना के चार नए मामले मिले। इसी के साथ बिहार में संक्रमित मरीजों की संख्या 485 हो गई। 

हिमाचल में 34 मरीज हुए ठीक
हिमाचल प्रदेश से आज एक मामले सामने आया है। अब तक राज्य में 34 मरीज ठीक हो गएः राज्य स्वास्थ्य विभाग  

05:26 PM, 03-May-2020

EPFO पीएम केयर्स फंड में लगभग 2.5 करोड़ रुपये का योगदान करेगा

EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) के कर्मचारियों ने एक दिन के वेतन को पीएम केयर्स फंड में योगदान करने का निर्णय लिया है। कुल योगदान लगभग 2.5 करोड़ रुपये का है: श्रम और रोजगार मंत्रालय।

भारतीय सेना के जवानों ने स्वास्थ्य कर्मियों को किया सम्मानित
राजस्थान: भारतीय सेना के जवानों ने आज जोधपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया।

05:16 PM, 03-May-2020

केरल में आज एक भी केस नहीं, अब तक 401 मरीज हुए ठीक

केरल में आज एक भी मामला सामने नहीं आया है। राज्य में कोरोना के कुल सक्रिय मामले 95 हैं। अब तक 401 मरीज ठीक हो गए हैं। इस बात की जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने दी। 

उत्तराखंड में आज एक मामला,  संक्रमितों की संख्या 60 हुई
उत्तराखंड में आज एक मामला सामने आया है। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हो गईः राज्य स्वास्थ्य विभाग

मध्य प्रदेश के बरवाणी में प्रवासी मजदूरों ने सड़क जाम किया
मध्य प्रदेश के बरवाणी में प्रवासी मजदूरों ने सड़क जाम किया और पुलिस पर  पत्थरबाजी की। जिलाधिकारी के मुताबिक तीन पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं।


 

04:48 PM, 03-May-2020

कोरोना संक्रमण के बीच राजस्थान प्रदेश में महामारी अध्यादेश लागू

राजस्थान सरकार ने कोरोना संक्रमण के बीच प्रदेश में महामारी अध्यादेश लागू किया है। अध्यादेश में महामारी के दौरान सरकार द्वारा तय नियमों एवं गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर दो साल की सजा या 10 हजार रुपये जुर्माना अथवा दोनों एक साथ किए जाने का प्रावधान है।

उत्तराखंडः 12796 लोगों को किया गया गिरफ्तार
उत्तराखंड में लॉकडाउन के मानदंडों का उल्लंघन करने को लेकर 2503 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 12796 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत 30599 वाहनों और 5876 वाहनों को जब्त किया गया हैः पुलिस

04:43 PM, 03-May-2020

कर्नाटकः सरकार ने लॉकडाउन के दौरान अंतर-जिला आवागमन को अनुमति दी है

कर्नाटक सरकार ने राज्य में लॉकडाउन के दौरान अंतर-जिला आवागमन को अनुमति दी है। इसके लिए सरकार ने आदेश जारी किया है। 

04:22 PM, 03-May-2020

महाराष्ट्रः किस चीज की अनुमति रहेगी और किस चीज की नहीं

महाराष्ट्र सरकार ने उन गतिविधियों की एक सूची जारी की है, जिसमें यह कहा गया है कि राज्य के विभिन्न जोन में किस चीज की अनुमति रहेगी और किस चीज की नहीं।
 

जम्मू और कश्मीर में सभी शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थान 17 मई तक बंद रहेंगे
जम्मू और कश्मीर में सभी शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थान 17 मई तक बंद रहेंगे: जम्मू-कश्मीर सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल
 

04:18 PM, 03-May-2020

आईसीएमआर ने दी पुणे के अस्पताल को प्लाज्मा पद्धति से इलाज की अनुमति

महाराष्ट्र के पुणे स्थित सरकारी ससून जनरल अस्पताल को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुंसधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से गंभीर हालत में भर्ती मरीजों का इलाज प्लाज्मा पद्धति से करने की अनुमति दे दी है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि इस पद्धति में कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हो चुके व्यक्ति के प्लाज्मा को बीमार व्यक्ति के शरीर में चढ़ाया जाता है क्योंकि ठीक हो चुके व्यक्ति के रक्त में संक्रमण से लड़ने के लिए एंटीबॉडी विकसित हो चुकी होती हैं। 

04:14 PM, 03-May-2020

झारखंड में अगले दो हफ्ते तक लॉकडाउन जारी रहेगा- सीएम हेमंत सोरेन

कोरोना संक्रमण को देखते हुए झारखंड में अगले दो हफ्ते तक लॉकडाउन जारी रहेगा। हमारे मजदूर भाई-बहन, छात्र और अन्य लोग राज्य लौट रहे हैं। छूट के संबंध में केंद्र के नए निर्देश झारखंड में लागू नहीं होंगे: सीएम हेमंत सोरेन

04:11 PM, 03-May-2020

जेएनयू ने कोरोना वायरस लॉकडॉउन को देखते हुए 17 मई तक विश्वविद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया।
 

03:51 PM, 03-May-2020

महाराष्ट्रः रेड जोन में शराब की दुकानों सहित स्टैंडअलोन की दुकानों को खोलने की अनुमति

महाराष्ट्र सरकार ने रेड जोन में शराब की दुकानों सहित स्टैंडअलोन की दुकानों को खोलने की अनुमति देने का फैसला किया है। प्रत्येक लेन में केवल 5 गैर-आवश्यक दुकानें खोली जा सकती हैं। आवश्यक दुकानों की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है : महाराष्ट्र सरकार

03:40 PM, 03-May-2020

1000 बेड वाला कोरोना हॉस्पिटल बनाने का काम शुरू

महाराष्ट्र: मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के MMRDA ग्राउंड में 1000 बेड वाला कोरोना हॉस्पिटल बनाने का काम शुरू किया।


केरल: कोरोना योद्धाओं पर पुष्पवर्षा करते हुए
केरल: कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान के फाइटर जेट्स एर्णाकुलम जनरल अस्पताल के ऊपर से कोरोना योद्धाओं पर पुष्पवर्षा करते हुए। देखें वीडियो..
 
उत्तराखंडः देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में वायुसेना के हेलिकॉप्टर्स ने फूल बरसाकर 'कोरोना वॉरियर्स' का जताया आभार।


 

02:58 PM, 03-May-2020

त्रिपुरा में एक व्यक्ति ने अनोखी इलेक्ट्रिक साइकिल तैयार की

कोरोना वायरस के बीच त्रिपुरा में एक व्यक्ति ने अनोखी इलेक्ट्रिक साइकिल तैयार की है जिसमें सामाजिक दूरी का खास ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि अगर आपको घर से बाहर निकलना ही है तो आप कैसे बाहर निकल सकते हैं इसका संदेश मैंने इस साइकिल से दिया है। इसमें फ्रंट से बैक सीट की दूरी एक मीटर है।

02:51 PM, 03-May-2020

पंजाब के नवांशहर में 63 और मुक्तसर में 42 लोग कोरोना पॉजिटिव

पंजाब के नवांशहर में महाराष्ट्र के नांदेड़ के हुजूर साहिब से लौटे 130 लोगों में से 63 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नवांशहर के उपायुक्त विनय बुलानी ने यह जानकारी दी।

वहीं, पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में महाराष्ट्र के नांदेड़ के हुजूर साहिब से लौटे 42 लोगो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 48 हो गई है। मुक्तसर के सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण सिंह ने यह जानकारी दी।

02:49 PM, 03-May-2020

हरियाणा में संक्रमितों की कुल संख्या 421 हुई

हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 421 तक पहुंच गई है। जिसमें 174 सक्रिय, 242 डिस्चार्ज और पांच मौतें शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।174क्रि

02:48 PM, 03-May-2020

लॉकडाउन की वजह से दोहरी मार झेल रहे पंजाब के किसान

पंजाब के लुधियाना में किसानों को लॉकडाउन की वजह से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है,जहां एक तरफ मजदूर नहीं मिल रहे हैं वहीं दूसरी तरफ दवाई और खाद की कमी से भी फसल को नुकसान हो रहा है। एक किसान ने बताया कि मजदूर चले गए हैं इसलिए हमारी फसल कट नहीं पा रही है, सब्जी खेतों में ही खराब हो रही है।

02:46 PM, 03-May-2020

भारतीय नौसेना ने स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया

केरल के कोच्चि में भारतीय नौसेना ने स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया। आज तीनों सेनाएं अलग-अलग तरह से इस मुश्किल वक्त में अपनी सेवाएं देने वाले 'कोरोना योद्धाओं' के प्रति आभार जता रही हैं।

02:06 PM, 03-May-2020

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की तर्ज पर पीएम गरीब कल्याण पैकेज के तहत बीमा योजना में पुलिसकर्मियों, स्थानीय निकायों और जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल करने का अनुरोध किया है।

02:02 PM, 03-May-2020

ममता सरकार ने कोरोना योद्धाओं के लिए 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की घोषणा की

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी सरकार ने भी कोरोना से फ्रंटलाइन पर लड़ रहे कोरोना योद्धाओं के लिए 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की घोषणा की है, इसमें पत्रकार भी शामिल हैं।

01:42 PM, 03-May-2020

जम्मू में भारतीय सेना ने बैंड बजाकर कोरोना योद्धाओं का किया सम्मान

जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भारतीय सेना ने 'कोरोना योद्धाओं' के प्रति अपना आभार प्रकट करने के लिए बैंड बजाया।
 

01:39 PM, 03-May-2020

कोरोना से मिलकर लड़ने के लिए एकजुट होना चाहिए: दलाई लामा

दुनिया के कोरोना वायरस से जूझने के बीच दलाई लामा ने रविवार को कहा कि लोगों को इस संकट से पैदा हुई चुनौतियों से वैश्विक रूप से निपटने के लिए मिलकर काम करने के वास्ते एकजुट होना चाहिए। तिब्बत के आध्यात्मिक नेता ने यह भी कहा कि इस वायरस के फैलने से बाधित हुई अर्थव्यवस्था सरकारों के सामने बड़ी चुनौती है और यह लोगों के जीवनयापन की क्षमता को कमजोर बना रही है।

01:22 PM, 03-May-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बोले- देश में मृत्यु दर दुनिया में सबसे कम

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि आज 10,000 से अधिक कोरोना संक्रमितों को छुट्टी दे दी गई है। जो अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं वे ठीक होने की राह पर हैं। पिछले 14 दिनों में देश में कोरोना संक्रमितों की दोहरीकरण दर जो 10.5 दिन था, पिछले सात दिनों में 11.7 दिन हो गया और आज सुबह 12 दिन हो गया है। देश में मृत्यु दर दुनिया में सबसे कम 3.2 फीसदी है। आज 310 सरकारी और 111 निजी टेस्टिंग लैब विकसित हो चुकी हैं।

जिस देश में पीपीई किट और N-95 मास्क बाहर से आयात करने पड़ते थे,आज हम एक दिन में दो लाख से ज्यादा पीपीई किट बना रहे हैं। 50 लाख से ज्यादा N95 मास्क और 20 लाख से ज्यादा पीपीई किट हम देश को बांट चुके हैं।

उन्होंने कहा कि शनिवार को हमने 10 लाख टेस्ट के आंकडे को पार किया और एक दिन में 74,000 के करीब टेस्ट किए। देश में 319 जिले ऐसे हैं जो बीमारी से प्रभावित नहीं है। 130 जिले हॉटस्पॉट हैं, 284 जिले नॉन-हॉटस्पॉट हैं। हमने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन,पैरासिटामोल जैसी दवाई दुनिया के 99 देशों को सप्लाई की है।

01:08 PM, 03-May-2020

सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी समेत 40 लोग होम क्वारंटीन में रहेंगे

सीआरपीएफ की ओर से बताया गया है कि एक विशेष महानिदेशक रैंक के अधिकारी, उप महानिरीक्षक सहित कुल 40 अधिकारियों और कर्मचारियों को घर में क्वारंटीन कर दिया गया है। इससे पहले जानकारी आई थी कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक शीर्ष अधिकारी के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दिल्ली में सीआरपीएफ मुख्यालय को मंगलवार सुबह (5 मई) तक सैनिटाइजेशन के लिए सील कर दिया गया है। किसी को भी भवन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

 

 

01:07 PM, 03-May-2020

ओडिशा में दो और नया मामला, संक्रमितों की संख्या 162 हुई

ओडिशा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बालासोर में एक 34 साल का व्यक्ति और क्योंझर में एक 30 साल का व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद ओडिशा में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 162 हो गई है।

01:05 PM, 03-May-2020

आंध्र प्रदेश में 58 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1583 हुई

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 58 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 1583 हो गई है।

01:01 PM, 03-May-2020

भारतीय नौसेना ने बनाई मानव श्रृंखला

गोवा में 1500 भारतीय नौसेना के जवानों ने आईएनएस हंसा पर एक मानव श्रृंखला बनाकर कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार जताया और उन्हें  धन्यवाद किया।
 

12:57 PM, 03-May-2020

10 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट का तुलनात्मक चार्ट

देशभर में कोरोना के दस लाख टेस्ट पूरे करने और मामलों की कुल संख्या दर्शाता तुलनात्मक चार्ट।

12:24 PM, 03-May-2020

गुवाहाटी में वायुसेना के SU-30MKI फाइटर एयरक्राफ्ट ने फ्लाईपास्ट किया

असम के गुवाहाटी में वायुसेना के SU-30MKI फाइटर एयरक्राफ्ट ने कोरोना के खिलाफ जंग में जुटे योद्धाओं को सलामी दी। साथ ही गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) पर भारतीय वायु सेना (IAF) के हेलीकॉप्टर ने पुष्प वर्षा की।

 

12:23 PM, 03-May-2020

पटना एम्स पर भी बरसाए फूल

भारतीय वायुसेना ने 'कोरोना योद्धाओं' का आभार जताते हुए बिहार के पटना में एम्स पर फूल बरसाए और फ्लाईपास्ट किया।
 

12:22 PM, 03-May-2020

नरेला क्वारंटीन सेंटर के बाहर भारतीय सेना ने बजाया बैंड

दिल्ली के नरेला क्वारंटीन सेंटर में बैंड बजाकर 'कोरोना योद्धाओं' का आभार जताती भारतीय सेना।
 

12:17 PM, 03-May-2020

दिल्ली एम्स के ऊपर फूलों की वर्षा

भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर ने दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के ऊपर फूलों की वर्षा की और कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार और प्रशंसा व्यक्त की।
 

12:15 PM, 03-May-2020

कर्नाटक में पांच नए मामले, संक्रमितों की संख्या 606 हुई

कर्नाटक में दो मई शाम पांच बजे से तीन मई दोपहर 12 बजे तक कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 606 हो गई है। इसमें 25 मौतें और 282 डिस्चार्ज हो चुके मामले भी शामिल हैं।

12:07 PM, 03-May-2020

कोरोना योद्धा ने सेना को किया सैल्यूट

एलएनजेपी अस्पताल के नोडल अधिकारी ने कहा कि भारतीय वायुसेना बहुत अच्छा काम कर रही है। हमारा जो सम्मान किया गया है इसके हम आभारी हैं। ऐसा लग रहा है जैसे हम कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई को जीत गए हों। ये हमारे हौंसले को बढ़ाएगा।

एक कोरोना योद्धा ने कहा कि ये हमारे लिए गर्व की बात है क्योंकि राष्ट्र के लिए वो भी लड़ते हैं और राष्ट्र के लिए हम भी लड़ रहे हैं लेकिन वो हमारा सम्मान कर रहे हैं तो हम उन्हें सैल्यूट करते हैं।
 

12:01 PM, 03-May-2020

दिल्ली सीआरपीएफ मुख्यालय सैनिटाइजेशन के लिए सील

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक शीर्ष अधिकारी के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दिल्ली में सीआरपीएफ मुख्यालय को अगले आदेश तक सैनिटाइजेशन के लिए सील कर दिया गया है। किसी को भी भवन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
 

11:58 AM, 03-May-2020

जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ऊपर फ्लाईपास्ट

भारतीय वायुसेना ने जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ऊपर से फ्लाईपास्ट कर 'कोरोना योद्धाओं' के प्रति अपना आभार जताया।
 

11:56 AM, 03-May-2020

एलएनजेपी अस्पताल पर बरसाए फूल

स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताने के लिए दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल पर वायुसेना के चॉपर ने फूल बरसाए। वहीं, भारतीय सेना ने गंगा राम अस्पताल में बैंड बजाकर 'कोरोना योद्धाओं' के प्रति आभार जताया। आज तीनों सेनाएं अलग-अलग तरह से स्वास्थ्यकर्मियों और दूसरे अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के प्रति अपना आभार जता रही हैं।
 

11:49 AM, 03-May-2020

तीनों सेनाओं के प्रतिनिधि ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक जाकर दी श्रद्धांजलि

दिल्ली में तीनों सेनाओं के प्रमुखों के प्रतिनिधि- मेजर जनरल आलोक काकेर, रियर एडमिरल मैकार्थी और एयर वाइस मार्शल पीके घोष ने आज राष्ट्रीय पुलिस स्मारक जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

11:46 AM, 03-May-2020

शिलांग में भारतीय वायुसेना ने की फूलों की वर्षा

मेघालय के शिलांग में सिविल अस्पताल के ऊपर से भारतीय वायुसेना के चॉपर ने फ्लाई पास्ट किया।

11:44 AM, 03-May-2020

लेह में भारतीय वायुसेना ने की पुष्पवर्षा

लेह में कोरोना योद्धाओं के प्रति सम्मान जताने के लिए भारतीय वायुसेना के चॉपर ने एसएनएम अस्पताल पर फूल बरसाए और फ्लाई पास्ट किया।
 

11:36 AM, 03-May-2020

कर्नाटक सरकार ने मजदूरों के लिए मुफ्त बस सेवा का किया एलान

कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया है कि मजदूरों और गरीब दिहाड़ी मजदूरों को केएसआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा करने की अनुमति दी गई है। यह मुफ्त यात्रा आज से तीन दिनों के लिए लागू रहेगी। मजदूर कर्नाटक के सभी जिला केंद्रों और बंगलूरू से मुफ्त बस सेवा के जरिए अपने घर जा सकते हैं। इनका खर्च उठाएगी सरकार।

11:29 AM, 03-May-2020
INS Jalashwa - फोटो : ANI

आईएनएस जलाश्व ने कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार जताया

बंगाल की खाड़ी में खड़ा आईएनएस जलाश्व कोरना महामारी के खिलाफ लड़ने वाले डॉक्टरों, नर्सों, अन्य स्वास्थ्य कर्मियों, स्वच्छता कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों सहित सभी कोरोना योद्धाओं को सलामी दे रहा है। भारतीय नौसैनिक जहाज जलाश्व भी खाड़ी देशों से भारतीय नागरिकों की निकासी के लिए तैयार किए जा रहे युद्धपोतों में से एक है।

11:27 AM, 03-May-2020

भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल पर फूलों की वर्षा

कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए एयरफोर्स के चॉपर ने भोपाल में चिरायु मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पर फूलों की वर्षा की। 
 

11:04 AM, 03-May-2020

दिल्ली में दोहरीकरण दर 11.5 दिन के करीब

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की दोहरीकरण दर 11.5 दिन के करीब है, देशभर में दोहरीकरण दर औसत 11 दिन है। दिल्ली में 58,210 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट आ चुकी है।

11:00 AM, 03-May-2020

'एमडब्ल्यू वैक्सीन' दवा का सुरक्षा परीक्षण पूरा

पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. जगत राम ने कहा कि 'एमडब्ल्यू वैक्सीन' दवा का सुरक्षा परीक्षण पूरा हो चुका है। लेकिन इसका वास्तविक परीक्षण पीजीआई चंडीगढ़, एम्स-दिल्ली और एम्स भोपाल में 40 रोगियों पर किया जाएगा।

10:54 AM, 03-May-2020

बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल के ऊपर फूलों की वर्षा की

भारतीय वायुसेना के विमान ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में योगदान दे रहे स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल के ऊपर फूलों की वर्षा की।
 

10:49 AM, 03-May-2020

भुवनेश्वर में वायुसेना ने किया फ्लाईपास्ट

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमान ने फ्लाईपास्ट कर कोरोना से लड़ने वाले चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त किया।
 

10:47 AM, 03-May-2020

लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ऊपर फूलों की वर्षा

भारतीय वायुसेना के विमान ने कोरोना से लड़ने वाले चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ऊपर फूलों की वर्षा की।
 

10:41 AM, 03-May-2020

लद्दाख में 18 नए मामले

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के चुचोट योकमा में कोरोना पॉजिटिव के 18 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

10:37 AM, 03-May-2020

मुंबई में भारतीय वायुसेना के विमान ने किया फ्लाईपास्ट

मुंबई के मरीन ड्राइव से फ्लाईपास्ट करता भारतीय वायुसेना का विमान Su-30। आज तीनों सेनाएं अलग-अलग तरह से 'कोरोना योद्धाओं' के प्रति आभार प्रकट कर रही हैं।
 

10:31 AM, 03-May-2020

वायुसेना ने राजपथ के ऊपर से फ्लाईपास्ट किया

भारतीय वायुसेना ने मेडिकल प्रोफेशनल्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स द्वारा कोरोना महामारी के खिलाफ किए जा रहे सराहनीय काम के प्रति आभार प्रकट करने के लिए राजपथ के ऊपर से फ्लाईपास्ट किया।
 

10:28 AM, 03-May-2020

अब तक 10,46,450 नमूनों का परीक्षण किया गया

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया कि तीन मई, सुबह 9 बजे तक कुल 10,46,450 नमूनों का परीक्षण किया गया है

10:19 AM, 03-May-2020

नौसेना के हेलिकॉप्टर ने फूलों की वर्षा की

कोरोना से लड़ने वाले चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए पणजी में गोवा मेडिकल कॉलेज पर नौसेना के हेलिकॉप्टर ने फूलों की वर्षा की।
 

10:13 AM, 03-May-2020

भारतीय सेना ने अस्पताल के बाहर बजाया बैंड

हरियाणा के पंचकूला में कोरोना से लड़ रहे चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सरकारी अस्पताल के बाहर भारतीय सेना ने बैंड बजाया।

09:54 AM, 03-May-2020

राजस्थान में 31 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2803 हुई

स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक 31 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 2803 हो गई है।

09:50 AM, 03-May-2020

भारतीय वायुसेना ने की पुष्पवर्षा

दिल्ली में भारतीय वायुसेना के चॉपर ने कोरोना से लड़ रहे पुलिसकर्मियों का आभार प्रकट करने के लिए पुलिस युद्ध स्मारक पर फूलों की वर्षा की।
 

09:45 AM, 03-May-2020

हरियाणा में एक बुजुर्ग महिला की मौत

चंडीगढ़ निवासी कोरोना संक्रमित 82 साल की एक बुजुर्ग महिला का हरियाणा के पंचकूला में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने यह जानकारी दी।

09:29 AM, 03-May-2020

देशभर में संक्रमितों की संख्या 39980 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2644 नए मामले सामने आए हैं और 83 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक मौत है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 39,980 हो गई है। जिसमें 28,046 सक्रिय हैं, 10,633 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1301 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

09:22 AM, 03-May-2020

केरल से ओडिशा पहुंची विशेष ट्रेन

ओडिशा में गंजाम जिले के जगन्नाथपुर रेलवे स्टेशन पर केरल से प्रवासियों को लेकर आज पहली ट्रेन पहुंची। गंजाम जिला प्रशासन ने बताया कि
स्वास्थ्य टीम द्वारा सभी लोगों की जांच की गई।

09:00 AM, 03-May-2020

किसानों की दयनीय हालत

मुरादाबाद के एक किसान ने कहा कि किसानों की हालत बहुत खराब है। जो हमसे खरीदने आते हैं वो पैसे कम देते हैं लागत भी पूरी नहीं हो पाती। अभी सिर पर रख कर खुद घर-घर जाकर सब्जियां बेच रहे हैं। एक हाथ नहीं है यही देख कर लोग सब्जी खरीद लेते हैं कि मजबूर है बेचारा ले लो।

08:55 AM, 03-May-2020

मेघालय सरकार ने पाबंदियों में छूट की घोषणा की

मेघालय सरकार ने चार मई से कई तरह की छूट देने की शनिवार को घोषणा की जिसमें आंशिक रूप से कर्फ्यू हटाना भी शामिल है।अधिकारियों ने बताया कि हालांकि राज्य में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए सार्वजनिक और धार्मिक सभाओं पर पाबंदी बरकरार रहेगी। उपमुख्यमंत्री प्रीस्टोन टिनसोंग ने समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि शिलांग में चार मई से कर्फ्यू हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हालांकि, गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुसार रात को सात बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।

08:53 AM, 03-May-2020

दिल्ली में हो रही हल्की बारिश

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो रही है। यह धौला कुआं क्षेत्र का दृश्य है।

08:44 AM, 03-May-2020

847 मजदूरों को श्रमिक विशेष ट्रेन से लखनऊ लाया गया

महाराष्ट्र के नासिक में फंसे उत्तर प्रदेश के 847 मजदूरों को श्रमिक विशेष ट्रेन से लखनऊ लाया गया। विशेष ट्रेन आज सुबह लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची।

08:38 AM, 03-May-2020

कोरोना योद्धाओं को आज सम्मानित करेंगी तीनों सेनाएं

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में डल झील के ऊपर फ्लाई पास्ट करती भारतीय वायुसेना। आज तीनों सेनाएं 'कोरोना योद्धाओं' को उनकी सेवाओं के लिए आभार प्रकट करेंगी।
 

08:13 AM, 03-May-2020

लॉकडाउन के बीच बंगलूरू में चल रहा था हुक्का बार

बंगलूरू के संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल ने बताया कि सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) बंगलूरू ने बानाशंकरी इलाके में स्थित एक हुक्का बार पर छापा मारा, जो कोरोना लॉकडाउन के बीच अवैध रूप से चल रहा था। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

08:11 AM, 03-May-2020

राज्य सरकारों के अनुरोध पर संचालित की जा रहीं ट्रेनें- रेलवे

रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कुछ विशेष ट्रेनें जो विभिन्न स्थानों पर फंसे प्रवासी श्रमिकों और अन्य व्यक्तियों के लिए चलाई जा रही हैं, केवल राज्य सरकारों के अनुरोध पर संचालित की जा रही हैं। रेलवे राज्य सरकार द्वारा अपेक्षित विशेष ट्रेनों के अलावा कोई भी ट्रेन नहीं चला रही है।किसी को भी स्टेशन नहीं आना चाहिए। किसी भी स्टेशन पर कोई टिकट नहीं बेचा जा रहा है।

08:05 AM, 03-May-2020

ईद को लेकर लखनऊ के इमाम की लोगों से अपील

ऐशबाग ईदगाह लखनऊ के इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि हम लोग ईद जरूर मनाएं लेकिन सादगी के साथ। ईद के दिन हम घर में पकवान बनाएं लेकिन कोशिश करें कि ईद का जो बजट है उसका 50 फीसदी गरीब लोगों में बांटे। हम लोग नए कपड़े न बनाएं बल्कि जो सबसे अच्छे कपड़े हैं उन्हें पहनकर ईद की नमाज पढ़ें।

08:03 AM, 03-May-2020

ओडिशा में तीन नए मामले, संक्रमितों की संख्या 160 हुई

ओडिशा में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल पॉजिटिव मामले 160 हो गए हैं जिसमें 103 सक्रिय हैं, 56 ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।

07:11 AM, 03-May-2020

वारंगल रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों का प्रदर्शन

तेलंगाना: कोरोना की वजह से लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों ने अपने घर वापसी को लेकर वारंगल रेलवे स्टेशन पर कल विरोध प्रदर्शन किया।


 

07:05 AM, 03-May-2020

1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर गोरखपुर रवाना हुई श्रमिक स्पेशल ट्रेन

महाराष्ट्र: भिवंडी से 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन गोरखपुर के लिए सुबह 1:23 में रवाना हो गई।

07:01 AM, 03-May-2020

तेलंगाना में रेलवे स्टेशन के बाहर जमा हुए 300 प्रवासी मजदूर

तेलंगाना: करीब 300 प्रवासी मजदूर हैदराबाद के हाकिमपेट में इकठ्ठा हुए थे। अतिरिक्त निरीक्षक केएन रेड्डी ने कहा, 'वे लोग रेलवे स्टेशन की तरफ यह सोचकर जा रहे थे कि ट्रेन सुविधाएं चालू हो गयी हैं। हालांकि उनकी समस्याओं की सुनने के बाद हमनें उन्हें मनाकर वापस भेज दिया।

06:39 AM, 03-May-2020

गुजरात में प्रवासी मजदूरों ने पुलिस पर किया पथराव

गुजरात: खंगेला, दाहोद में फंसे कुछ प्रवासी मजदूरों ने पुलिस पर पथराव किया। यहां के एसपी ने कहा कुछ गैरसामाजिक तत्वों ने हम पर पत्थर फेंके। हमारी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया, एफआईआर दर्ज कर ली गई है और 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

05:26 AM, 03-May-2020

कोटा से रांची पहुंचे झारखंड के छात्र

रांची: राजस्थान के कोटा में फंसे झारखंड के छात्रों के पहले जत्थे को ले जाने वाली विशेष ट्रेन कल हटिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची। 

05:23 AM, 03-May-2020

यूके के करीब 270 नागरिक स्वदेश लौटे

पंजाब: लॉकडाउन की वजह से फंसे हुए यूके के करीब 270 नागरिक अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने देश लौट गए।

05:19 AM, 03-May-2020

त्रिपुरा में ग्रीन और ऑरेंज जोन में खुलेंगे सरकारी दफ्तर

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने त्रिपुरा के छह जिलों को ग्रीन और दो जिलों को ऑरेंज जोन में बांटा है। मंत्रालय की दिशानिर्देश के मुताबिक, ग्रीन और ऑरेंज जोन में  सरकारी दफ्तरों के कामकाज पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इसलिए यह फैसला किया गया है कि 4 मई से सरकारी दफ्तरों में फिर से काम शुरू होगा। हर तरह के कर्मचारियों को दफ्तर से काम करना होगा:  मनोज कुमार, राज्य मुख्य सचिव


 

03:53 AM, 03-May-2020

घरेलू हिंसा रोकने के लिए रायपुर में शुरू हुआ 'चुप्पी तोड़ अभियान'

इस लॉकडाउन अवधि के दौरान कई घरेलू हिंसा के मामले सामने आए। इस मुद्दे को हल करने के लिए हमने 'चुप्पी तोड़' अभियान शुरू किया है। इसके तहत, हमने पिछले 3 वर्षों में घरेलू हिंसा के मामलों का विश्लेषण किया है और लगभग 1500 पीड़ितों की पहचान की है: आरिफ शेख, रायपुर एसएसपी

हम लगभग 50 घरेलू हिंसा पीड़ितों को अपनी भलाई सुनिश्चित करने के लिए रोजाना बुलाते हैं। पिछले 4 दिनों में, हमें 150 से अधिक शिकायतें मिली हैं, जिनमें से लगभग 10-15 लोग अपनी पत्नियों के खिलाफ शिकायत करने वाले पुरुष थे:आरिफ शेख, रायपुर एसएसपी 

03:36 AM, 03-May-2020

गुरुग्राम पुलिस के सहायक निरीक्षक बना रहे हैं मास्क

हरियाणा: गुरुग्राम पुलिस के सहायक निरीक्षक खुद घर पर मास्क बनाकर लोगों में बांट रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे सिलाई करनी आती है इसलिए मैंने अपनी बहन की मदद से मास्क बनाना शुरू कर दिया। मैंने अब तक 300-400 मास्क बनाए है।

01:29 AM, 03-May-2020

ICMR ने किए दस लाख पीसीआर परीक्षण

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने शनिवार शाम को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए कोविड-19 के दस लाख आरटी-पीसीआर परीक्षण को पूरा कर लिया है।

 

01:23 AM, 03-May-2020

इंडिया सेल्यूट्स कोरोना वारियर्स के तहत नौसेना के चार जहाज हुए प्रकाशित

केरल: कोच्चि में एर्नाकुलम चैनल पर आज "इंडिया सेल्यूट्स कोरोना वारियर्स" अभियान के पूर्वाभ्यास में दक्षिण नौसेना कमांड के चार जहाजों को प्रकाशित किया गया। अभियान कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के प्रयासों का सम्मान करने के लिए कल आयोजित किया जाएगा।


 

12:41 AM, 03-May-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्तीय क्षेत्र में हस्तक्षेपों को लेकर रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित की जिसमें वर्तमान संदर्भ में विकास और कल्याण के लिए संरचनात्मक सुधार पर भी बात की गई: प्रधानमंत्री कार्यालय

वित्त मंत्री और अधिकारियों के साथ बैठक में, पीएम ने छोटे उद्योगों और किसानों का समर्थन करने, तरलता बढ़ाने और क्रेडिट प्रवाह को मजबूत करने के लिए रणनीतियों और हस्तक्षेपों पर चर्चा की। पीएम ने वित्तीय स्थिरता और प्रभावों को जल्दी से ठीक करने के लिए सक्षम उपायों को सुनिश्चित करने के तरीकों और साधनों पर भी चर्चा की: पीएमओ

12:39 AM, 03-May-2020

लॉकडाउन को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से किए सवाल

कांग्रेस ने लॉकडाउन को लेकर केंद्र सरकार से कई सवाल किए हैं और कोविड-19 को लेकर उठाये जा रहे कदमों के बारे में भी पूछा है।

 

12:07 AM, 03-May-2020

भारत में कोरोना: त्रिपुरा में बीएसएफ के 12 और जवान कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली में 384 नए संक्रमित और तीन मौतें हुई हैं। इसके साथ ही यहां 2802 ऐसे मामले हो गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।



यहां पढ़ें 2 मई (शनिवार) के सभी अपडेट्स

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें