युवा भारत दिखा रहा टीकाकरण की राह
देश के 50 फीसदी किशोरों का टीकाकरण पूरा होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई है। पीएम ने ट्वीट किया, युवा और युवा भारत टीकाकरण की राह दिखा रहा है। ये उत्साह बढ़ाने वाली खबर है। इस गति को बनाए रखिए। हम सब मिलकर महामारी से लड़ेंगे। यह तस्वीर कोलकाता के एक स्कूल में टीकाकरण की है।
355 जिले रेड जोन में पहुंचे
गंभीर संक्रमण की श्रेणी वाले जिले बढ़ रहे हैं। दो सप्ताह पहले 29 राज्यों के 128 जिलों में संक्रमण 10 फीसदी से अधिक था, लेकिन 12-18 जनवरी के बीच 355 जिले रेड जोन में आ गए। इन जिलों में औसतन साप्ताहिक संक्रमण दर 16.23% है। अरुणाचल के पाके केसांग और हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में सर्वाधिक 67 व 57 फीसदी संक्रमण दर है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 28 फरवरी तक रोक
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर जारी रोक 28 फरवरी तक बढ़ा दी। कोरोना के कारण देश में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें 23 मार्च, 2020 से निलंबित हैं। हालांकि, एयर बबल व्यवस्था के तहत भारत व 40 देशों के बीच विशेष यात्री उड़ानों का संचालन हो रहा है।
- यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई और विशेष उड़ानों पर लागू नहीं होगा। एयर बबल के तहत चल रही उड़ानें भी प्रभावित नहीं होंगी।
- डीजीसीए ने 15 दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की घोषणा की थी। पर, एक ही दिन बाद ओमिक्रॉन से बढ़ती चिंताओं के बीच निर्णय वापस ले लिया था।