देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। हालांकि, संक्रमण का खतरा अभी भी टला नहीं है। दूसरी ओर सरकार तेजी से टीकाकरण कराने पर जोर दे रही है। ऐसे में अगर आप कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं, तो घबराएं नहीं। विशेषज्ञों से जानें कि क्या करें..
विशेषज्ञों ने कहा कि कोरोना वैक्सीन संक्रमण को रोकने में अत्यधिक प्रभावी साबित हो रही है। इससे एक अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या घटी है। वहीं दूसरी ओर मृत्यु दर में भी भारी कमी आई है। वैक्सीन कोरोना वायरस के जोखिम को कम करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वैक्सीन लगवाने बाद बेफिकर होकर न घूमें क्योंकि टीकाकरण होने के बाद भी संक्रमित हो सकते हैं। हालांकि, वैक्सीनेशन के बाद संक्रमित होने की संभावना बहुत कम है। अगर संक्रमित हो भी जाते हैं, तो घबराएं नहीं।
संक्रमित होने पर क्या करें?
बोस्टन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन डॉ सैंड्रो गैलिया के मुताबिक, वैक्सीनेशन के बाद कोरोना संक्रमित हो सकते हैं, लेकिन इसकी संभावना बहुत कम है। अगर संक्रमित होते हैं तो मरीज में हल्के लक्षण होंगे या फिर कोई भी लक्षण नहीं होगा।
विशेषज्ञों ने कहा कि अगर कोरोना की दोनों वैक्सीन लगवा ली हैं, उसके बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, तो 10 दिनों के लिए खुद को आइसोलेट कर लें। साथ ही अन्य कोविड नियमों का पालन करें। अगर जरूरी लगे, तो डॉक्टर से सलाह लें। लेकिन अस्पताल जाने से बचें। इस दौरान घर के अन्य सदस्यों से भी उचित दूरी बनाकर रखें। साथ ही संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले घरेलू सामान जैसे- बर्तन, कप और तौलिये को साझा करने से भी बचना चाहिए।
वैक्सीनेशन के बाद क्या करें?
अगर आप वैक्सीन लगवा चुके हैं तो वैक्सीनेशन के बाद संक्रमित होने के जोखिम बढ़ाने वाली गलतियां करने से बचें। वैक्सीन लगवाने के बाद मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सभी कोविड गाइडलाइन्स का पालन करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में सोमवार सुबह 7 बजे तक 32,36,63,297 वैक्सीन की डोज लग चुकी है। इसी के साथ भारत टीकाकरण के मामले में अमेरिका और ब्रिटेन को पछाड़ कर शीर्ष पर आ गया है।