कोरोना के मामलों में 40 फीसदी की गिरावट,1,247 नये मामले आए सामने
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना के दैनिक मामलों में करीब 40 फीसदी की गिरावट आई है। जबकि सोमवार को 90 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया था। बीते एक दिन में 1,247 नये मामले आए हैं। इस दौरान एक मरीज की मौत हो गई है। वहीं, 18 अप्रैल को 2,183 नये मामले आए थे और 214 मरीजों की मौत हो गई थी। इसी के साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4,30,45,537 हो गई है। अब तक कुल 5,21,966 मरीजों की मौत हो चुकी है।
केंद्र ने कोरोना योद्धाओं की बीमा योजना छह माह बढ़ाई
केंद्र सरकार ने कोरोना योद्धाओं की बीमा योजना को छह माह आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज को इस साल अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवाने वाले योद्धाओं के परिवारों को योजना के तहत 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
इस योजना को आगामी 180 दिन के लिए आगे बढ़ाया गया है ताकि कोरोना संक्रमण से लड़ने वाले योद्धाओं को सम्मान दिला सकें। सभी राज्यों के प्रमुख सचिव और स्वास्थ्य सचिव को लिखे पत्र में मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि बीमा योजना की अवधि बढ़ाने का फैसला तत्काल लागू कर दिया गया है।
दरअसल, कोरोना महामारी आने के बाद सरकार ने 30 मार्च 2020 को यह योजना शुरू करते हुए कोरोना का सामना कर रहे स्वास्थ्य कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स को बीमा सुरक्षा दिया। अब तक इस योजना के तहत 1905 स्वास्थ्य कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाई जा चुकी है, जिनकी मौत कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से हुई थी।