गुजरात में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 29 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या 175 पहुंच गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मंगलवार को दर्ज हुए नए मामलों में से 19 संक्रमित मरीज अहमदाबाद के हैं जिसके बाद जिले में कुल संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 83 पहुंच गई है।
मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) जयंति रवि ने बताया कि सूरत और पाटन में तीन-तीन मामले जबकि भावनगर, आनंद, साबरकांठा और राजकोट में एक-एक मामले की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को सूरत में दो और पाटन में एक मरीज की मौत के बाद ऐसे मामले की संख्या बढ़ कर 15 हो गई है।
वहीं सूरत में 52 वर्षीय व्यक्ति स्थानीय स्तर पर वायरस से संक्रमित हुआ था और एसएमआईएमईआर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
सूरत के नगर निगम उपायुक्त (स्वास्थ्य) आशीष नाइक ने कहा कि सूरत में ही 65 वर्षीय एक व्यक्ति में पांच अप्रैल को कोविड -19 के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।