स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। पिछले 24 घंटों में 2,99,988 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,56,84,406 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 32,68,710 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
अब तक 15.49 करोड़ लोगों का हुआ टीकाकरण
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 15,49,89,635 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि आज से देश में कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो रहा है। इसमें 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड का टीका लगाया जाएगा।
अप्रैल में 66 लाख से अधिक मामले
देश में अप्रैल के दौरान कोविड-19 के 66 लाख से अधिक नए मामले सामने आए, जो पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद संक्रमण के मामलों को लेकर सबसे खराब महीना साबित हुआ है। अप्रैल महीने में दर्ज किए गए नए मामले पिछले छह महीनों में सामने आए मामलों से अधिक रहे जो कि संक्रमण की दूसरी लहर की गंभीरता को दर्शाता है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अप्रैल के बाद से संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। पांच अप्रैल से प्रतिदिन एक लाख से अधिक मामले सामने आने लगे जबकि 15 अप्रैल से इनकी संख्या प्रतिदिन दो लाख को पार कर गई और 22 अप्रैल से रोजाना तीन लाख से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
पिछले चार सप्ताह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, पंजाब, मध्यप्रदेश और राजस्थान में परिस्थितियां अधिक चिंताजनक हुई हैं।
महाराष्ट्र सबसे प्रभावित
शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 62,919 मामले सामने आए और 828 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी। संक्रमण के नए मामले बृहस्पतिवार की तुलना में कम रहे, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ गई। राज्य में बृहस्पतिवार को संक्रमण के जहां 66,159 मामले आए थे वहीं मृतकों की संख्या 771 रही थी। इसी के साथ शुक्रवार को कुल संक्रमितों की संख्या 46,02,472 हो गई जबकि मृतकों की कुल संख्या 68,813 रही। मुंबई में 3888 नए मामले सामने आए और 89 लोगों की मौत हो गई जिससे महानगर में संक्रमितों की कुल संख्या 6,48,471 हो गई है जबकि मृतकों की संख्या 13,125 हो चुकी है। राज्य में शुक्रवार को 69,710 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिससे राज्य में अभी तक 38,68,976 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं।