संसद के शीतकालीन सत्र के लिए कांग्रेस सरकार के खिलाफ महंगाई, किसान, कोविड प्रबंधन और सीमा सुरक्षा पर सरकार को घेरेगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को सरकार को घेरने के लिए संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। बैठक में कांग्रेस जिन मुद्दों को उठाना चाहती है उस पर अन्य विपक्षी दलों को भी साथ लाने पर भी विचार किया जा रहा है। समूह से जुड़े नेता के मुताबिक कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर ही आक्रामक होकर अपनी बात संसद में रखेगी।
इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में एक अहम बैठक की थी। इसमें कृषि कानूनों को वापस लेने के केंद्र के फैसले और आगामी संसद सत्र पर रणनीति बनाई गई थी। इस दौरान कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, भूपिंदर सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, नवजोत सिंध सिद्धू, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, शक्तिसिंह गोहिल, अजय कुमार लल्लू, अनिल चौधरी और अन्य लोग कांग्रेस वॉर रूम में एकत्र हुए थे।
महंगाई के विरोध में रैली की तैयारी
मीटिंग के बाद कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि हम संसद के आगामी सत्र में महंगाई का मुद्दा उठाएंगे। वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बैठक में चर्चा हुई कि आने वाले दिनों में दिल्ली में महंगाई के विरोध में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस ने टीएमसी पर साधा निशाना
वेणुगोपाल ने अपनी पार्टी के कुछ नेताओं के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने को नाटक करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी इस तरह के प्रयासों से कमजोर नहीं होगी और उसे कोई खत्म नहीं कर पाएगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पहले भी कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास किया गया, लेकिन यह सफल नहीं हुआ और आगे भी सफल नहीं होगा क्योंकि यह पार्टी जनता के मुद्दे उठाती आ रही और उठाती रहेगी।