जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के सुप्रीमो देवगौड़ा ने गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस से कहा है कि लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाने से पहले कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए। बृहस्पतिवार देर रात पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष दलों के लिए कांग्रेस बड़े भाई की तरह है।
इस साल लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाने से पहले उसे (कांग्रेस) हमारे साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए। सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अभी जारी है। इसके साथ ही जेडीएस सुप्रीमो ने अपने बेटे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को सरकार चलाने में आ रही दिक्कतों को लेकर सलाह भी दी।
उन्होंने कहा कि मैं किसी को दोष नहीं दूंगा। मुझे पता है कि गठबंधन सरकार चलाने में कुमारस्वामी को कितनी परेशानियां हो रही हैं। उन्हें लक्ष्य पाने के लिए इसे बर्दाश्त करना होगा। जो भी तकलीफें हों, पार्टी को उसे नजरअंदाज करके हुए आगे बढ़ना होगा।