कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि लॉकडाउन में गरीबों को सबसे ज्यादा पीड़ा झेलनी पड़ रही है और ऐसे में उम्मीद है कि सरकार मौजूदा चुनौती से निपटने के लिए कोई योजना बनाएगी। उन्होंने विभिन्न राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक में यह भी कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर कोरोना वायरस संकट का बड़ा असर होगा और इसके लिए हमें अपने आपको तैयार करना चाहिए।
वहीं, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को लेकर चर्चा की। पायलट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सोनिया गांधी को प्रदेश में जहां कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं, उनकी जानकारी दी एवं संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट दी।
उन्होंने इस संकट की घड़ी में आमजन की मदद करने के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर संचालित किए जा रहे नियंत्रण कक्षों के कार्यों का भी फीडबैक दिया। इन नियंत्रण कक्षों द्वारा खाने-पीने एवं दवा जैसी मूलभूत वस्तुएं आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं।