संसद में सोमवार को परिसीमन विधेयक पेश होने से एक दिन पहले कांग्रेस सांसद के सुधाकरन की अस्पताल से छुट्टी में देरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सुधाकरन के परिवार ने आरोप लगाया है कि दुबई के अस्पताल में उन्हें छुट्टी देने में देरी की जा रही है। परिवार ने इसके पीछे जानबूझकर ऐसा किए जाने की आशंका भी जताई है। दरअसल, विधेयक पर चर्चा और मतदान के दौरान कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के लिए सभी सांसदों की मौजूदगी अहम है। इसी को देखते हुए एआईसीसी ने सुधाकरन को जल्द भारत लौटने के लिए कहा था।
आज मिलनी थी अस्पताल से छुट्टी
दुबई में पत्रकारों से बात करते हुए सुधाकरन के बेटे संजोग सुधाकरन ने बताया कि उनके पिता को 27 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने शुरुआत में 48 घंटे निगरानी में रखने की सलाह दी थी। परिवार को बताया गया था कि रविवार को उन्हें छुट्टी मिल सकती है और वे भारत लौट सकेंगे। संजोग ने कहा कि उन्होंने इस योजना की जानकारी कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल को दे दी थी। साथ ही अपने पिता के फोन से राहुल गांधी को भी व्हाट्सएप संदेश भेजा था।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में वे केवल डॉक्टर से परामर्श लेने अस्पताल गए थे। उनके पिता को कुछ परेशानी महसूस हो रही थी। परिवार पहले अमेरिका जाने की योजना बना रहा था, लेकिन कन्नूर से अबू धाबी पहुंचने के बाद उन्हें परिसीमन विधेयक से जुड़ी घोषणा और अधिसूचना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया।
इस दिक्कत से जूझ रहे सुधाकरन
27 नवंबर की शाम भारत लौटने की तैयारी के दौरान सुधाकरन ने फिर कुछ परेशानी बताई। उन्हें पहले से न्यूरोलॉजिकल समस्या थी और यात्रा भी करनी थी। ऐसे में परिवार ने दुबई के एक अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लेने का फैसला किया, जहां न्यूरोलॉजी से जुड़ा इलाज भी होता है। हालांकि, बाद में परामर्श को भर्ती में बदल दिया गया।
संजोग ने कहा कि परिवार ने अस्पताल से छुट्टी के लिए जरूरी दस्तावेज और अनुरोध आधिकारिक माध्यमों से जमा करा दिए हैं। इसके बावजूद अस्पताल उन्हें छुट्टी नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा, *हमें संदेह है कि क्या जानबूझकर देरी की जा रही है। डॉक्टर की राय अंतिम होती है, लेकिन हमें यह भी शक है कि कहीं फर्जी मेडिकल राय तो नहीं दी जा सकती। संजोग के मुताबिक, उनकी मां अस्पताल के वार्ड में एक कमरे में रह रही हैं, जबकि आईसीयू में उनके पिता के साथ परिवार का कोई सदस्य नहीं है। परिवार के अनुरोध पर उन्होंने अपना कमरा भी बदल लिया है।
आईसीयू में मिले बेटे, दौरे के बाद किया गया था शिफ्ट
रविवार दोपहर बाद अस्पताल प्रशासन ने संजोग को आईसीयू में अपने पिता से मिलने की अनुमति दी। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि उनके पिता को याददाश्त से जुड़ी कुछ परेशानियां हैं, जो पहले की तुलना में बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा, "इसके अलावा कोई दूसरी स्पष्ट परेशानी नहीं थी।" संजोग के मुताबिक, अस्पताल ने कुछ आंतरिक जटिलताओं और दौरे पड़ने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि दौरा पड़ने के बाद उनके पिता को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों ने यात्रा के दौरान दोबारा दौरा पड़ने की आशंका भी जताई है। संजोग ने कहा, "अब योजना है कि उन्हें यहां किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जाए, वहां डॉक्टर से जांच कराई जाए और फिर दिल्ली ले जाया जाए।" उन्होंने बताया कि अस्पताल फिलहाल छुट्टी देने को तैयार नहीं है। ऐसे में परिवार को इलाज कर रहे डॉक्टरों की सलाह के खिलाफ छुट्टी लेनी पड़ सकती है। इसके लिए यात्रा से जुड़े जोखिमों की जिम्मेदारी भी परिवार को उठानी होगी।
कन्नूर कांग्रेस अध्यक्ष ने भी अस्पताल पर लगाए आरोप
इस बीच, कन्नूर जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष मार्टिन जॉर्ज ने कहा कि सुधाकरन के परिवार ने उन्हें बताया था कि अस्पताल प्रशासन सांसद से मिलने की अनुमति नहीं दे रहा है। जॉर्ज के मुताबिक, उन्होंने इस बारे में एक वकील से संपर्क किया था। बाद में वकील ने डॉक्टरों से बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अस्पताल प्रशासन का रवैया काफी अहंकारी था। जॉर्ज ने कहा, उनके बड़े बेटे संजोग शनिवार को अस्पताल में उनसे मिले थे और बिस्तर के पास बैठकर बात भी की थी। अब उन्हें अपने पिता से मिलने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है? इससे संदेह पैदा होता है।
उन्होंने बताया कि सुधाकरन की पत्नी और छोटे बेटे से संपर्क नहीं हो पा रहा है। जॉर्ज ने कहा, मैंने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। मुझे नहीं पता कि वे कहां हैं। हालांकि, जॉर्ज ने स्पष्ट किया कि उनकी जानकारी रविवार को संजोग से हुई बातचीत पर आधारित है। सांसद से सीधे बात किए बिना वह मामले के अन्य पहलुओं पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।