सार
सीजेपी कार्यकर्ता सौरव दास ने दावा किया कि परिसीमन विधेयक पारित होने पर भाजपा अपने फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय कर सकती है। उन्होंने विपक्ष से विधेयक का विरोध करने और महिला आरक्षण मौजूदा लोकसभा में लागू करने की मांग की। उन्होंने एसआईआर और एक देश-एक चुनाव पर भी सवाल उठाए। क्या परिसीमन से चुनावी व्यवस्था में बदलाव लोकतंत्र के लिए चुनौती बन सकता है? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
विपक्षी दलों और युवाओं से क्या अपील की?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ता सौरव दास ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस विधेयक का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि अगर यह विधेयक पारित हो गया तो भाजपा अपने फायदे के हिसाब से लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय कर सकती है। इससे विपक्षी दलों की चुनावी ताकत कमजोर हो सकती है। दास ने चेतावनी देते हुए कहा कि विधेयक पास होने के बाद मतदाताओं के लिए चुनाव के जरिए भाजपा को सत्ता से हटाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से संसद में इसका विरोध करने की अपील की।
सौरव दास ने परिसीमन विधेयक का विरोध क्यों किया?
दास ने आरोप लगाया कि सरकार पहले वोट चोरी कर रही थी और अब सीटें चोरी की तैयारी में है। उनके मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन आयोग पर सरकार का प्रभाव हो सकता है और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जा सकती हैं, जिससे सत्तारूढ़ भाजपा को चुनाव में फायदा मिले।
उन्होंने आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती नहीं दिए जाने की संभावित व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। दास ने निर्वाचन आयोग पर भी भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के दौरान जुटाए गए आंकड़ों से बूथ स्तर पर मतदाताओं की जानकारी तैयार करने में मदद मिली। हालांकि, ये सभी आरोप सौरव दास ने लगाए हैं।
एसआईआर और एक देश-एक चुनाव को लेकर क्या आशंका जताई?
- दास ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), परिसीमन और एक देश-एक चुनाव को आपस में जोड़ते हुए आशंका जताई कि इनसे चुनावी प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए लोगों के वोट काटे गए और अब परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदली जा सकती हैं।
- इसके बाद सरकार एक देश-एक चुनाव की व्यवस्था ला सकती है। दास ने दावा किया कि इन कदमों से देश का लोकतंत्र कमजोर होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधेयक पारित कराने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त और दलों में तोड़फोड़ की जा रही है।
युवाओं और महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर क्या सवाल उठाए?
दास ने कहा कि देश की करीब 60 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है, लेकिन संसद में इस आयु वर्ग के सांसद केवल पांच प्रतिशत हैं। उनके मुताबिक, सांसदों की औसत उम्र 56 साल है और करीब 90 प्रतिशत सांसद 41 साल से अधिक उम्र के हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि परिसीमन की प्रक्रिया में युवाओं के प्रतिनिधित्व का प्रावधान क्यों नहीं है। महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है, लेकिन इसे 2029 तक टालने के बजाय मौजूदा लोकसभा में ही लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने महिला सांसदों की सुरक्षा और आपराधिक मामलों का सामना कर रहे सांसदों को लेकर भी सवाल उठाए।
विपक्षी दलों और युवाओं से क्या अपील की?
- दास ने विपक्षी दलों से परिसीमन विधेयक के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों का रुख देख रहे हैं। जो दल विधेयक का समर्थन करेंगे, उन्हें युवाओं की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा और परीक्षा में पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोजगार देने के पुराने वादों पर सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि युवाओं को नौकरियां कहां मिलीं। नीट पेपर लीक और पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि संसद में युवाओं, महिलाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
प्रस्तावित विधेयकों में क्या-क्या बदलाव शामिल हैं?
प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने, 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले निर्वाचन क्षेत्रों का नया नक्शा तैयार करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा सीटों के बंटवारे को 2051 तक स्थिर रखने की बात भी शामिल है। सौरव दास ने इन प्रस्तावों का विरोध करते हुए कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन करने के बावजूद इसे मौजूदा लोकसभा में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से विधेयक पर अपना रुख स्पष्ट करने और संसद में इसका विरोध करने की अपील की।