कांग्रेस के वॉर रूम (बंगला नंबर 15, गुरुद्वारा रकाबगंज) में केंद्र सरकार के खिलाफ लंबी लड़ाई की रणनीति तैयार हुई है। बुधवार शाम पार्टी के सभी महासचिवों और सांसदों को बुलाकर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले वार के लिए पार्टी नेताओं को कमर कसने को कहा है।
पार्टी नोटबंदी के मामले में अब खुलकर जनता के बीच जाएगी और उन्हें हो रही परेशानियों की सच्चाई और कथित घोटाले से अवगत कराएगी। कांग्रेस अभी तक नोटबंदी को लेकर सड़क पर उतरने से परहेज कर रही थी, लेकिन अब उसे लगता है कि जनता केंद्र सरकार के आश्वासनों और तर्कों से ऊब चुकी है।
राहुल गांधी ने सभी सांसदों से कहा कि संसद सत्र समाप्त होने के बाद अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को बताएं कि नोटबंदी का किसको लाभ हुआ है और किसे परेशानी उठानी पड़ रही है।
कांग्रेस यूपी और पंजाब में इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन छेड़ना चाहती है और नोटबंदी को चुनावी मुद्दा बनाने जा रही है। आने वाले दिनों में राहुल गांधी खुद विभिन्न राज्यों का दौरा कर लोगों से बातचीत करेंगे।