नोटबंदी पर संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान शुरू से विपक्ष के निशाने पर रही सरकार अब सत्र के अंतिम पड़ाव पर खुद ही बेहद आक्रामक हो गई है। बीते शुक्रवार को राष्ट्रपति की ओर से संसद चलने देने की नसीहत को मुद्दा बनाने वाली सरकार ने बुधवार को कालाधन को सफेद बनाने संबंधी स्टिंग ऑपरेशन पर विपक्ष के खिलाफ बेहद आक्रामक रही।
इस कारण बीते दिनों की तरह बुधवार को भी लोकसभा की कार्यवाही ठप रही। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा स्पीकर को निशाना बनाए जाने के बाद सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने प्रधानमंत्री की उपस्थिति में सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्तारूढ़ दल के सदस्यों ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सत्ता पक्ष के सांसदों ने कालाधन को सफेद करने संबंधी एक टीवी चैनल के स्टिंग का जिक्र करते हुए विपक्ष पर कालाधन रखने वालों से हाथ मिलाने का आरोप लगाया।