बावनकुले ने गडकरी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संपत्ति बताया। उन्होंने कहा, केंद्रीय मंत्री देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
पूरा मामला क्या है?
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से गडकरी के इंटरव्यू के कुछ सेकंड के हिस्से को पोस्ट किया। जिसमें वह देश की स्थिति, किसान, मजदूर और गांव की सड़कों के बारे में बात कर रहे हैं। इसमें गडकरी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, "आज गांव के मजदूर, किसान दुखी हैं। गांव में अच्छी सड़कें नहीं हैं। पीने के लिए पानी नहीं है। अच्छे अस्पताल नहीं हैं। अच्छे स्कूल नहीं हैं।" इसके बाद कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के बीच विवाद शुरू हो गया।
गडकरी ने जारी किया कानूनी नोटिस
बाद में गडकरी ने खरगे और रमेश को कानूनी नोटिस जारी किया और भ्रामक और अपमानजनक खबरें एक्स पर साझा करने का आरोप लगाया। गडकरी के वकील ने नोटिस में कहा कि खरगे और रमेश ने जानबूझकर एक वेब पोर्टल को दिए मंत्री के इंटरव्यू के 19 सेकंड की वीडियो क्लिप पोस्ट की। जिसमें उनके शब्दों के प्रासंगिक इरादे और अर्थ को छिपाया गया। नोटिस में कहा गया कि गडकरी के इंटरव्यू को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और प्रासंगिक अर्थ से परे वीडियो अपलोड करके पेश किया गया।
जनता ऐसे लोगों नहीं छोड़ेगी: बावनकुले
नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बावनकुले ने कहा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बारे में कांग्रेस नेताओं की ओर से साझा किए गए पोस्ट की भाजपा निंदा करती है। कुछ लोगों को लगता है कि इस तरह के वीडियो पोस्ट करने से हमारी पार्टी में असंतोष पैदा होगा। कुछ लोगों ने शरारत की है और हमने कानूनी नोटिस दे दिया है। जनता ऐसे लोगों को नहीं छोड़ेगी।
'पीएम के साथ मिलकर कर रहे काम'
उन्होंने कहा, नितिन गडकरी देव, धर्म, संस्कार और हमारी पार्टी के लिए एक संपत्ति हैं। सरकार में विकास के कामों में उनका अहम स्थान है। बावनकुले ने ट्वीट किया, नितिन गडकरी के साथ की गई धोखाधड़ी की भाजपा निंदा करती है। उन्होंने गरीबों और देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ कंधे से कंधे मिलाकर काम किया है।
'नागपुर सीट बड़े अंतर से जीतेंगे'
प्रदेश भाजपा प्रमुख ने वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) प्रमुख प्रकाश आंबेडकर पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राज) नागपुर लोकसभा सीट पर बड़े अंतर से जीतेगा। यह वर्तमान में गडकरी के प्रतिनिधित्व वाली सीट है। प्रकाश आंबेडकर ने बयान दिया था कि उनके संगठन को इस सीट को जीतना बहुत आसान है। बावनकुले ने यह भी कहा कि भविष्य में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ भाजपा के हाथ मिलाने की कोई संभावना नहीं है।