प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा स्कूली छात्रों से किये गए संवाद पर व्यंग्य करते हुए कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा ने कहा कि जिनकी अपनी डिग्री पर विवाद है, वे बच्चों को यह सिखा रहे हैं कि उन्हें इम्तिहान कैसे देना चाहिए। उन्होंने आगामी चुनाव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की खुद अपनी परीक्षा कुछ ही दिनों में होने वाली है। और उनका पूरा विश्वास है कि वे उसमें असफल रहेंगे क्योंकि पिछले साढ़े चार साल में उन्होंने कोई काम नहीं किया है।
इंडियन यूथ कांग्रेस की 'युवा क्रांति यात्रा' के दिल्ली में बुधवार को हुए समापन के अवसर पर बोलते हुए कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने कहा कि 1985 में वे यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष हुआ करते थे, तब पार्टी के सामने एक संकट की घड़ी थी, लेकिन उन्होंने जनता के सामने अपनी बात रखी और ऐतिहासिक बहुमत पाया। आज लगभग वैसा ही संकट है क्योंकि आज की सरकार नेहरु के भारत को बदलना चाहती है। इसे रोकना होगा और आज का युवा ही सरकार को जवाब देगा क्योंकि इस सरकार ने सबसे ज्यादा उसी को छला है।
पिछले चुनाव में हुआ था षडयंत्र
आनंद शर्मा ने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ षडयंत्र हुआ था। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के जरिए पार्टी, सरकार और मनमोहन सिंह की छवि खराब की गई। आज जनता को बताने की बारी है कि इस बार धोखा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले चार साल में 4297 करोड़ रुपये पार्टी के प्रचार पर खर्च किया है। उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि यह पैसा कहां से आया है।
देश को गांधी के इकोनोमिक्स की जरुरतः अहमद पटेल
राष्ट्रपिता के शहीदी दिवस को याद करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि आज देश को महात्मा गांधी के अर्थशास्त्र की जरुरत है। पटेल ने कहा कि जब देश आजाद हुआ था, तब लोगों ने गांधी जी से पूछा था कि अब आजादी मिल चुकी, अब क्या करना है? तब गांधी जी ने जवाब दिया था कि कोई भी काम करना उससे देश के सबसे गरीब आदमी को लाभ होना चाहिए। अहमद पटेल के मुताबिक कांग्रेस आम आदमी को ध्यान में रखकर ही नीतियां बनाती है और यही उसका आदर्श है।
कार्यक्रम में पहुंची शीला दीक्षित ने युवाओं को ऊर्जा से भरते हुए कहा कि देश में बदलाव के लिए युवाओं की भूमिका हर समय सबसे अधिक रही है। आज एक बार देश को फिर युवाओं की शक्ति की जरुरत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राहुल गांधी का साथ देकर भारत को नई ऊंचाई पर ले जाने में उनकी मदद करनी चाहिए।