कर्नाटक के हुबली में गुरुवार को कॉलेज परिसर के भीतर कांग्रेस पार्षद की बेटी की चाकू मारकर हत्या की गई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी की उसके परिचित एक युवक ने चाकू मारकर हत्या कर दी। छात्रा का नाम नेहा हिरेमथ बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय फैयाज को गिरफ्तार किया है।
बीवीबी कॉलेज से एमसीए कर रही थी नेहा
बताया गया है कि नेहा बीवीबी कॉलेज से एमसीए कर रही थी। नेहा और फैयाज इसी कॉलेज में बीसीए कोर्स के दौरान बैचमेट रहे हैं। जांच में सामने आया है कि बेलगावी के सावदत्ती का रहने वाला फैयाज कई दिनों से छात्रा का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। हत्या की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस के अनुसार फैयाज चाकू लेकर कॉलेज कैंपस के अंदर गया और नेहा पर पांच-छह वार किए। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हमले के दौरान फैयाज भी चोटें आईं हैं और उसे अस्पताल ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान फैयाज ने दावा किया कि उन दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन कुछ दिनों से नेहा अचानक उससे दूर रहने लगी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि फैयाज सही बोल रहा है या गलत, इसकी पुष्टि और सत्यापन किया जाएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कर्नाटक में महिलाएं सुरक्षित नहीं: विजयेंद्र येदियुरप्पा
इस मामले पर पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र येदियुरप्पा का कहना है कि यह एक भयावह घटना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं के लिए सुरक्षा की गारंटी की बात बेमानी हो गई है। महिलाओं पर हमले और हत्या जैसे अपराधों बढ़ रहे हैं। यह चिंता का विषय है। विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमारी बहन बेटियों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल रही है।