महाराष्ट्र के परभणी जिले में सांप्रदायिक झड़प का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक जिले के पालम में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक झड़प हो गई है। हालांकि फिलहाल स्थिति काबू में बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम को कस्बे में युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर लड़की के साथ छेड़छाड़ की है। जिसके बाद दो समुदाय आपस में भिड़ गए। इस दौरान दंगाइयों ने सड़क पर खुली दुकानों, होटलों और वाहनों में तोड़फोड़ की है। साथ ही पुलिस के वाहनों पर भी पथराव किया गया है। उन्होंने कहा कि ढाई घंटे के बाद अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने दोनों समुदायों के लगभग 400 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने गुरुवार को पालम का दौरा किया। एनसीपी नेता ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और अधिकारियों से उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।