ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को केंद्र से राज्य को पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, खरीफ की खेती के दौरान किसानों को खाद की बड़ी कमी का सामना करना पड़ा है।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया को लिखे पत्र में पटनायक ने कहा कि खाद की कम आपूर्ति से कई जिलों में अनावश्यक रूप से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। केंद्रीय मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा कि मई, जून और जुलाई में ओडिशा को कम खाद मिली है।
उन्होंने किसानों को खाद के सुचारू वितरण के लिए मासिक कोटा प्रदान करने के साथ ही पहले से बाकी पड़े खाद को मुहैया कराने की मांग की। ओडिशा को खाद की आपूर्ति के लिए बीजेडी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शनिवार सुबह मंडाविया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में तुरंत मंत्रालय के अधिकारियों से बात की और उन्हें जल्द से जल्द जरूरत पूरी करने को कहा।