तेलंगाना में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी दल जोर अजमाइश कर रहे हैं। लगातार सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही है। स्टार प्रचारक लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने चुनावी रैली में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है। मैं पूछना चाहता हूं बाबरी मस्जिद का विध्वंस किसकी निगरानी में हुआ था। अगर कोई धर्मनिरपेक्ष है, तो उसमें इसकी छवि दिखनी चाहिए।
लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस आपके वोटों का इस्तेमाल करती है। वह आपसे मीठी बात करेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद से बीआरएस शासन के दौरान कोई साम्प्रदायिक दंगा नहीं हुआ। जबकि कांग्रेस की सरकार में दंगे, कर्फ्यू आम बात थी। उन्होंने कहा, जब तक मैं जिंदा हूं, तब तक तेलंगाना धर्मनिरपेक्ष रहेगा। हम साथ मिलकर काम करेंगे। सभी धर्मों के लोग राज्य को आगे बढ़ाएंगे।
हमला करते हुए सीएम चंद्रशेखर राव ने कहा, भाजपा सांप्रदायिक मानसिकता वाले लोगों के बीच दुश्मनी पैदा करती है। प्रति व्यक्ति आय में तेलंगाना देश में नंबर एक है। भाजपा और कांग्रेस ने कभी भी तेलंगाना के लिए ईमानदारी से काम नहीं किया है। इससे हमें नुकसान हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा, 2024 में केंद्र में गठबंधन सरकार बन रही है। यदि हम राज्य की सभी लोकसभा सीटों को जीत लेंगे, तो दिल्ली में हमारा प्रभाव बढ़ेगा।
वहीं तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने कहा, दिल्ली के सामंतो और तेलंगाना के लोगों के बीच चुनावी लड़ाई है। वेमुलावाड़ा निर्वाचन क्षेत्र के कथलापुर, रुद्रांगी और चंदुरथी मंडलों में सभाओं को संबोधित करते हुए रामा राव ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, छह दशकों में कांग्रेस लोगों को बिजली,पानी उपलब्ध कराने में विफल रही है और फिर भी वह वोट मांग रहे हैं। अपनी सरकार की तारीफ करते हुए रामा राव ने कहा, केसीआर भारत के एकमात्र मुख्यमंत्री है, जो तेलंगाना में साढ़े चार लाख से अधिक बीड़ी श्रमिकों को 2,000 रुपये पेंशन दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस सरकार ने राज्य में बड़ा विकास किया है।