जन सेना पार्टी (जेएसपी) के अध्यक्ष और अभिनेता पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू को लेकर बड़ा बयान दिया है। पवन ने कहा कि आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव 2019 में में सीएम नायडू को मुंह की खानी पड़ेगी जबकि मैं महत्तवपूर्ण भूमिका निभाउू्ंगा। ये बयान पवन ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए अपने एक साक्षात्कार में दिया।
पवन ने आगे कहा कि "मुझे यकीन है कि सीबीएन (चंद्रबाबू नायडू) 2019 में विधानसभा चुनाव हार जाएंगे। उन्होंने प्रशासन पर और अपनी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के विधायकों पर अपनी पकड़ खो दी है, उनकी लोकप्रियता तेजी से घट रही है। कल्याण ने ये बयान आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में आदिवासी लोंगों के क्षेत्र में बस यात्रा पर जाने से पहले दिया।
उन्होंने कहा कि गठबंधन राजनीति का युग आंध्र प्रदेश में द्विध्रुवीय राजनीति को बदलने के लिए शुरू किया गया था। "2019 और 2021 के बीच की अवधि में भारतीय राजनीति में बड़ा परिवर्तन होगा जिसमें आंध्र प्रदेश शामिल होगा। जेएसपी की वाईएस जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस के साथ गठबंधन होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर अभिनेता से बने राजनेता ने कहा कि वो किसी भी पार्टी के साथ चुनाव से पूर्व गठबंधन नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह सत्तारूढ़ टीडीपी और वाईएसआर कांग्रेस से दूर एक मध्य मार्ग पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेएसपी, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ भी गठबंधन नहीं करेगी। टीडीपी ने पवन पर बीजेपी के साथ मिलकर खेलने का आरोप लगाया था।
इस आरोप पर सफाई देते हुए पवन ने कहा कि मैं पहला ऐसा शख्स था जिसने नरेंद्र मोदी सरकार से नोटबंदी और सिनेमा में राष्ट्रगान के मुद्दे पर सीधे टक्कर ली। मैं उस तरह का शख्स हूं जो पीछे के दरवाजे से राजनीति नहीं करता।