सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल 'क्लिक हियर' ( यहां क्लिक करें) ट्रेंड को लेकर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। जहां कुछ यूजर्स इस ट्रेंड को समझ नहीं पा रहे है, तो कई यूजर्स इस ट्रेंड का खूब मजा ले रहे हैं। पिछले शनिवार से 'एक्स' पर वायरल 'क्लिक हियर' ट्रेंड से भर गया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। खास बात है कि राजनीतिक दल भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स पेजों के जरिए इस ट्रेंड पर अपनी सक्रियता दिखाई है। आईए पहले जानते है कि आखिर 'क्लिक हियर' ट्रेंड क्या है...
क्या है ऑल्ट टेक्स्ट (क्लिक हियर)
ऑल्ट टेक्स्ट फीचर की शुरुआत काफी पहले ही कर दी गई थी, लेकिन अब जाकर अचानक मशहूर हुआ है। एक्स पर यूजर्स को कैप्शन में टेक्स्ट लिखने का ऑप्शन तो मिलता ही है, लेकिन ये ऑल्ट टेक्स्ट फीचर शेयर की जाने वाली तस्वीर की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का ऑप्शन मुहैया कराता है। ऑल्ट टेक्स्ट फीचर के जरिए यूजर एक हजार शब्दों तक अपने मैसेज लिख सकता है। एक्स के मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा फायदा उनको होगा, जो कम या बिल्कुल भी नहीं देख पाते हैं। क्लिक हियर फीचर का उद्देश्य टेक्स्ट-टू-स्पीच पहचान और ब्रेल भाषा की मदद से दृष्टिबाधित उपयोगकर्ताओं को छवि को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है।
कैसे करें इस फीचर का इस्तेमाल?
जब आप एक्स पर तस्वीर साझा करते हैं तो उस समय यूजर्स को +ALT का ऑप्शन दिखाई देता है, जिस पर क्लिक करने के बाद मैसेज लिखने की एक विंडो खुलती है। जहां यूजर्स मैसेज लिख सकते हैं। मैसेज सीधे तौर पर तस्वीर के साथ एड हो जाएगा। जैसे ही यूजर इस तस्वीर को पोस्ट करता है, वैसे ही ये मैसेज सभी को दिखाई देने लगता है। अगर किसी को इस मैसेज को पढ़ना है, तो बस उसे ALT पर क्लिक करना है. ये फीचर सभी डिवाइस पर काम करता है।
कुछ यूजर्स को ट्रेंड को समझने में हो रही दिक्कत
हालांकि कुछ यूजर्स ऐसे भी है जो इस ट्रेंड को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्हीं में से सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा कि 'क्लिक हियर' तस्वीर की कहानी क्या है? मेरी टाइमलाइन इससे पूरी तरह भरी हुई है।