चीन के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि देश में करीब 20 करोड़ लोगों यानी 14.29 प्रतिशत आबादी का टीकाकरण अब तक हो चुका है। इस दौरान अग्रिम मोर्चे पर कार्य कर रहे कर्मियों, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और सीमावर्ती इलाके में रहने वाले लोगों पर जोर दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि चीन में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान गति पकड़ रहा है। वहीं, उसने घरेलू स्तर पर भी कोरोना संक्रमण पर लगभग काबू पा लिया है। उल्लेखनीय है कि चीन में बुधवार को स्थानीय स्तर पर कोविड-19 के केवल दो नए मामले आए।
रोग नियंत्रण केंद्र के अधिकारी कुई गांग ने बताया कि अहम इलाके और आबादी के सदस्यों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जा रही है। चीन ने घरेलू स्तर पर तैयार पांच टीकों को मंजूरी दी है और इनकी लाखों खुराकें निर्यात की हैं। हालांकि, कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि फाइजर, मॉडर्ना और एस्ट्राजेनेका के मुकाबले चीनी टीके कम कारगर हैं। इस समय रोजाना 10 लाख से अधिक खुराक दी जा रही हैं। शीर्ष सरकारी डॉक्टर झोंग नानशान के अनुसार जून मध्य तक 140 करोड़ की आबादी में से 56 करोड़ को टीका लगाने का लक्ष्य है।