कांग्रेस की पहली लिस्ट से साफ नजर आ रहा कि सीएम बघेल अपने समर्थक विधायकों को फिर से टिकट दिलाने में कामयाब रहे। जिन सीटों पर विधायकों की स्थिती कमजोर लग रही थी। उनकी जगह बघेल ने हाईकमान से नए चेहरों को तवज्जो देने की सिफारिश की थी। यही कारण रहा कि पार्टी ने आठ विधायकों के टिकट काट नए लोगों को अवसर दिया है। इनमें से अधिकांश बघेल समर्थक हैं।
कांग्रेस की इस लिस्ट में मंत्री गुरु रुद्र कुमार की सीट बदल दी गई है। गुरु रूद्र कुमार इस बार नवागढ़ से चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वे आरंग और अहिवारा से चुनाव लड़ चुके है। डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को उनके गढ़ अंबिकापुर से और भूपेश बघेल को पाटन में बीजेपी के विजय बघेल के खिलाफ लड़ने के लिए बरकरार रखा गया है। दुर्ग ग्रामीण से ताम्रध्वज साहू और सक्ती से चरण दास महंत जैसे दिग्गजों को भी टिकट दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में 30 में से 14 सीटें एसटी समुदाय को दी गई हैं। वहीं एससी की तीन सीटें हैं। सिर्फ चार महिलाओं और एक अल्पसंख्यक उम्मीदवार को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार उन विधायकों को टिकट दिया है जो अपनी सीटों पर सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रहे थे। प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होने पर सीएम भूपेश बघेल ने भी प्रतक्रिया दी।
सीएम ने लिखा- 'छत्तीसगढ़ महतारी का मिला आशीर्वाद अब क्षेत्र की जनता भी देगी आशीर्वाद विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आज नवरात्रि के प्रथम दिन, शुभ अवसर पर प्रत्याशियों की सूची जारी हुई है. सभी प्रत्याशियों को ढेर सारी शुभकामनाएं। पाटन विधानसभा से पुनः मौक़ा देने के लिए नेतृत्व का आभार।'
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने लिस्ट जारी होने के बाद इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने शुभ समय पर अपनी पहली लिस्ट जारी है। यह नवरात्रि का शुभ समय है। सूची जारी करने के लिए नवरात्र का पहला दिन ही तय किया गया था।
इन नए चेहरों को मिला है अवसर
छत्तीसगढ़ में आठ विधायकों की टिकट कटने के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने नए चेहरे को मौका दिया है। इनमें पंडरिया विधानसभा क्षेत्र से ममता चंद्राकर की जगह नीलकंठ चंद्रवंशी, खुज्जी विधानसभा से छन्नी साहू की जगह भोलाराम साहू, कांकेर विधानसभा में शिशुपाल शोरी की जगह शंकर ध्रुव, डोंगरगढ़ विधानसभा से भुवनेश्वर सिंह बागेल की जगह हर्षिता स्वामी बागेल को मौका दिया गया है।
इसी तरह नवागढ़ क्षेत्र से गुरु दयाल बंजारे की जगह गुरु रुद्र कुमार, अंतागढ़ विधानसभा में अनूपनाग की जगह रूप सिंह पोटाई को टिकट दिया है। वहीं, चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से रामजन बेंजाम की जगह दीपक बैज को मैदान में उतारा है। दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से देवती कर्मा की जगह छविंद्र कर्मा को मौका मिला है।
रमन के खिलाफ देवांगन मैदान में, महेंद्र कर्मा के बेटे को भी टिकट
साल 2018 की विधानसभा के चुनाव में चित्रकोट से दीपक बैज ने चुनाव लड़ा और वह जीते थे। इसके बाद लोकसभा चुनाव में उन्हें प्रत्याशी बनाया गया था और वह सांसद चुने गए थे। जिसके कारण चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में दोबारा चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस पार्टी ने रामजन बेंजाम को मौका दिया और वह विधायक रहे।
इसके साथ ही दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में महेंद्र कर्मा की पत्नी देवती कर्मा का टिकट काट कांग्रेस पार्टी ने उनके बेटे छविंद्र कर्मा को टिकट दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने राजनांदगांव विधानसभा सीट में भी बदलाव करते हुए वहां से भी नए चेहरे को मैदान में उतारा है। राजनांदगांव विधानसभा सीट से बीजेपी के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह मैदान में उतरे हैं। वहीं, उनके खिलाफ गिरीश देवांगन को कांग्रेस पार्टी ने मौका दिया है।