छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंत्रिमंडल का गठन हो गया है। शुक्रवार को राज्य के नौ नए मंत्रियों ने शपथ ली। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ कैबिनेट में मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्रियों समेत कुल 12 मंत्री हो गए। विधानसभा सदस्यों की कुल संख्या (90) के 15 फीसदी (13) विधायक ही मंत्री बन सकते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री साय के मंत्रिमंडल में अभी भी एक मंत्री के लिए जगह है। नए मंत्रियों में 69 साल के दयालदास बघेल सबसे उम्रदराज मंत्री हैं। वहीं, बृजमोहन अग्रवाल सबसे अमीर मंत्री हैं। अग्रवाल के पास कुल 17.49 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
कितनी उम्रदराज है छत्तीसगढ़ की नई कैबिनेट?
विष्णु देव साय कैबिनेट की औसत उम्र 54 साल है। नई कैबिनेट में पांच मंत्री ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है। 69 साल से दयाल दास भगत और 64 साल बृजमोहन अग्रवाल राज्य के दो सबसे उम्रदराज मंत्री हैं। इनके अलावा 61-61 साल के लखनलाल देवांगन और टंक राम वर्मा और 62 साल के राम विचार नेताम ऐसे मंत्री हैं जिनकी उम्र 60 से ज्यादा है।
इकलौती महिला मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री हैं। 31 साल लक्ष्मी भटगांव सीट से विधायक बनीं हैं। उनके बाद 41 साल के ओपी चौधरी कैबिनेट के दूसरे सबसे युवा मंत्री हैं। 47 साल के श्याम बिहार जयसवाल और 48 साल के केदार कश्यप भी राज्य के उन चार सबसे युवा मंत्रियों में शामिल हैं जिनकी उम्र 50 साल से कम है। 50 से 60 साल के बीच तीन मंत्री हैं। इनमें 59 साल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, 55 साल के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और 50 साल के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हैं।
अग्रवाल के समेत कुल तीन मंत्रियों के पास 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें रायगढ़ से जीते ओपी चौधरी और मनेंद्रगढ़ से जीते श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हैं। चौधरी के पास कुल 12.90 करोड़ तो जायसवाल के पास 12.09 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। कैबिनेट में शामिल सात मंत्रियों के पास एक से पांच करोड़ रुपये कुल संपत्ति है। राम विचार नेताम के पास 6.92 करोड़ रुपये की संपत्ति है। नेताम पांच से 10 करोड़ के बीच की संपत्ति वाले अकेले मंत्री हैं।