अहमदाबाद : निवेशकों को तीन करोड़ का चूना लगाने वाले भाई-बहन गिरफ्तार
आर्थिक अपराध शाखा ने पॉन्जी स्कीम के जरिये निवेशकों को 2.92 करोड़ रुपये का कथित चूना लगाने वाले भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस रैकेट का मास्टरमाइंड महेश भद्रा अब भी फरार है। अपराध शाखा ने नरोदा इलाके से उसके बेटे चिराग भद्रा (29) और बेटी ममता भद्रा (24) को गिरफ्तार किया है।
अपराध शाखा को हाल ही में पता चला था कि महेश भद्रा लोगों को अच्छा रिटर्न देने का लालच देकर दो योजनाओं में निवेश के लिए पैसे लिए थे। तीनों दो अलग-अलग इलाके से इस ठगी का कारोबार करते थे। 2018 में शुरू पहली योजना में निवेशकों से 32 महीने तक 2000 रुपये जमा करवाने को कहा। उन्होंने पहले माह में लकी ड्रॉ के जरिये विजेता को 1.5 लाख रुपये देने का झांसा दिया। हर माह उस इनामी राशि में 50 हजार रुपये बढ़ाने का लालच दिया।
इसके अलावा 32 माह में कोई लकी ड्रॉ नहीं जीतने वाले को 75000 रुपये देने के लुभावने वादे कर लोगों से पैसे लिए। वहीं, दूसरी योजना में लकी ड्रॉ में दो लाख की इनामी राशि देने का लालच दिया। इस तरह पहली योजना से 2.78 करोड़ रुपये जुटाए और उसमें से 20.59 लाख इनामी राशि के तौर पर बांटे शेष अपने पास रख लिए। दोनों योजनाओं के जरिये उन्होंने निवेशकों को 2.92 करोड़ रुपये का चूना लगाया। अपराध शाखा ने शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को भाई-बहन को गिरफ्तार कर लिया।