मुठभेड़ में घायल सहायक कमांडेंट राजेश पांचाल
- फोटो : Amar Ujala
नक्सलियों ने 100 से ज्यादा बीजीएल दागे
सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में नक्सलियों ने भारी फायरिंग के अलावा 100 से ज्यादा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) दागे थे। चार घंटे तक चली मुठभेड़ में करीब चार सौ नक्सली शामिल थे। नक्सलियों की रणनीति थी कि सुरक्षा बलों की टीम को चारों तरफ से घेर कर उन पर फायरिंग की जाए। इसके लिए उन्होंने, भारी संख्या में बैरल ग्रेनेड लॉन्चर का इस्तेमाल किया। नक्सलियों ने जवानों को दोतरफा घेर कर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। सुरक्षा बलों पर फायरिंग के बाद नक्सली उन पर आईईडी हमला करना चाह रहे थे। इसके लिए उन्होंने कई जगहों पर आईईडी दबा रखी थी। आमने सामने की लड़ाई में कोबरा कमांडो ने जबरदस्त तरीके से नक्सलियों का मुकाबला कर उन्हें खदेड़ा। तीन जवानों की शहादत और 15 जवानों के घायल होने के बाद भी कमांडो ने मोर्चा नहीं छोड़ा। कोबरा 201 की टीम अपनी जगह पर डटी रही। नक्सलियों द्वारा पूरी प्लानिंग से किए गए हमले को कोबरा जवानों ने नाकाम किया।
हेलीकॉप्टर न मिलने का नुकसान
सूत्रों का कहना है कि इस मुठभेड़ को नक्सलियों ने बहुत सोच समझकर अंजाम दिया था। वे चारों तरफ से जवानों को घेर कर नुकसान पहुंचान चाहते थे। यही वजह रही कि इसके लिए नक्सलियों ने अपनी बटालियन (पीएलजीए) के करीब 400 लोगों को हमले के लिए तैयार किया था। इनकी तुलना में जवान एक चौथाई थे। ड्रोन से मालूम हुआ कि नक्सली, अपने मृतक साथियों के शवों को उठाकर ले जा रहे थे। वे कुछ दूरी पर दोबारा से एकत्रित हुए। अगर उस वक्त जवानों के पास हेलीकॉप्टर सपोर्ट होता, तो नक्सलियों की एक बड़ी संख्या को खत्म किया जा सकता था। एयर सपोर्ट न मिलने के कारण नक्सली भाग जाते हैं। चूंकि इस मुठभेड़ में नक्सलियों की संख्या करीब चार सौ थी, ऐसे में उन्हें एयर स्ट्राइक के जरिए घेरा जा सकता था। सरेंडर के लिए मजबूर कर सकते थे। अभी तक जितनी भी मुठभेड़ हुई हैं, उनमें नक्सलियों के भाग जाने के बाद वह आपरेशन खत्म हो जाता है। उस वक्त एयर सपोर्ट मिल जाए तो यह मालूम हो सकता है कि नक्सली किस तरफ भागे हैं। हेलीकॉप्टर के जरिए कमांडो को दूसरे रास्ते पर उतार कर नक्सलियों को घेरा जा सकता है। सहायक कमांडेंट राजेश पांचाल, तब तक अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे, जब तक कि वहां से सभी जवानों को बाहर नहीं निकाल लिया गया।