वे देश के पहले तीन सितारा सैन्य अधिकारी (ले. जनरल) हैं, जिन्हें चार सितारा यानी जनरल बनाकर इतने अहम पद पर नियुक्त किया गया है। वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि के लिए चौहान के साथ उनके पिता सुरेंद्र सिंह चौहान भी पहुंचे।
देश के नवनियुक्त सीडीएस जनरल अनिल चौहान आज पदभार संभाल लिया। इससे पहले वे दिल्ली स्थित वॉर मेमोरियल और अमर जवान जोत पहुंचे और शहीदों को नमन किया। सीडीएस जनरल चौहान ने इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।
चुनौतियों का मिलकर सामना करेंगे : जनरल चौहान
पदभार ग्रहण करने के मौके पर सीडीएस जनरल चौहान ने कहा, 'भारतीय सशस्त्र बलों में सर्वोच्च रैंक की जिम्मेदारी संभालने पर गर्व है। मैं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में तीनों सेना की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगा। हम सभी चुनौतियों और मुश्किलों का मिलकर सामना करेंगे।'
नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बतौर अनिल चौहान तीनों सेनाओं के बीच तालमेल पर ध्यान केंद्रित करेंगे। 61 वर्षीय चौहान सैन्य मामलों के विभाग में सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। केंद्र सरकार ने बुधवार को उन्हें नया सीडीएस मनोनीत किया था। वे 11 वीं गोरखा राइफल्स से हैं। पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत भी इसी रेजिमेंट के थे।
बालाकोट एयर स्ट्राइक के वक्त डीजीएमओ थे
लेफ्टिनेंट जनरल चौहान (सेवानिवृत्त) 2019 में बालाकोट एयर स्ट्राइक के दौरान सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) थे। उस वक्त भारतीय सेना ने पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान के अंदर घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी प्रशिक्षण केंद्रों को तबाह कर दिया था।