मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
मणिपुर में दो छात्रों की हत्या पर जारी हंगामे के बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि दोषियों को जरूर पकड़ा जाएगा। सीएम ने कहा कि जल्द ही सबकुछ ठीक हो जाएगा। बता दें कि इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और जांच के लिए सीबीआई के विशेष निदेशक अजय भटनागर इंफाल पहुंच चुके हैं।
इंफाल में मोबाइल इंटरनेट बर्खास्त
बता दें कि मणिपुर में दो युवक बीती जुलाई में लापता हो गए थे। अब उनकी शवों की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इससे सोमवार से इंफाल में हिंसा भड़क गई और गुस्साए लोगों ने कई जगह आगजनी और तोड़फोड़ की। गुस्साई भीड़, सुरक्षाबलों से भी भिड़ गई। हालात को देखते हुए सरकार ने एक अक्तूबर तक राज्य में मोबाइल इंटरनेट को बर्खास्त कर दिया है। स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है और इंफाल घाटी के सभी जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं दो युवकों की हत्या के मामले में सीबीआई की टीम जल्द ही घटनास्थल पर जाएगी और वहां फिर से क्राइम सीन रिक्रिएट किया जाएगा। साथ ही फोरेंसिक सबूत भी इकट्ठा किए जाएंगे।
शीर्ष अधिकारियों की हुई बैठक
हिंसा को देखते हुए सीबीआई टीम के साथ सीआरपीएफ के जवानों को भेजा जाएगा। गुरुवार को इंफाल में केंद्रीय सुरक्षा पुलिस बल के शीर्ष अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें कानून व्यवस्था पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने सुरक्षाबलों को छात्रों पर कम से कम बल इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। बता दें कि बुधवार को हुई हिंसा में कई प्रदर्शनकारी छात्र घायल हुए हैं। मणिपुर हिंसा में सीबीआई ने अभी तक 11 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने और उनसे सामूहिक दुष्कर्म का मामला भी शामिल है।