सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के हंसखली में 14 वर्षीय लड़की के कथित सामूहिक दुष्कर्म और मौत मामले में रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी सीबीआई के एक अधिकारी ने दी।
भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने नादिया दुष्कर्म मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर कहा था कि "गनीमत है कि बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हांसखली दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच सीबीआई कर रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक नाबालिग पर आरोपित के साथ प्रेम संबंध रखने और गर्भवती होने का आरोप लगाया, हमें शर्म आती है। अच्छा है अब सच्चाई सामने आ जाएगी।"
ये है पूरा मामला
बता दें कि चार अप्रैल को तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता के घर में जन्मदिन की पार्टी में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद कक्षा नौ की छात्रा की मौत हो गई थी। इस मामले का मुख्य आरोपी तृणमूल के एक स्थानीय नेता का बेटा है। नाबालिग के माता-पिता ने नौ अप्रैल को थाने में केस दर्ज कराया था कि उनकी बेटी के साथ दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। दुष्कर्म का आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेता के बेटे पर लगा। आरोप है कि उसके साथियों ने जबरन नाबालिग के पार्थिव शरीर का दाह संस्कार भी करवा दिया था।